सार
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ के बीच एक संतुलित और महत्वाकांक्षी मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) इस साल के अंत तक पूरा किया जा सकता है। इसके साथ ही उन्होंने टेक्नोलॉजी, सप्लाई चेन और डिजिटल भरोसे को इस साझेदारी का अहम हिस्सा बताया।
डॉ. एस जयशंकर, विदेश मंत्री
- फोटो : ANI
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगलवार को भारत और यूरोपीय संघ के बीच होने वाले मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) के बीच एक महत्वाकांक्षी और संतुलित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को इस साल के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य है, जिसे भारत पूरी तरह से समर्थन देता है। उन्होंने कहा कि विश्व अर्थव्यवस्था को स्थिर और सुरक्षित बनाना भारत की रणनीतिक प्राथमिकता है। इसमें मजबूत और भरोसेमंद सप्लाई चेन बनाना, डिजिटल लेनदेन में पारदर्शिता और भरोसा बढ़ाना, और तकनीकी सहयोग शामिल हैं।
बता दें कि जयशंकर इन दिनों यूरोप के बेल्जियम और लक्जमबर्ग की यात्रा पर हैं। उन्होंने ये बात ब्रसेल्स में यूरोपीय संघ की उच्च प्रतिनिधि काजा कैलास के साथ एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करने के दौरान कही।
भारत-ईयू के बीच गहरा होता साझेदारी का रिश्ता
संबोधन के दौरान जयशंकर ने कहा कि बड़े देशों के बीच तकनीकी और आर्थिक साझेदारी अब और भी अहम हो गई है। उन्होंने भारत-ईयू व्यापार और टेक्नोलॉजी काउंसिल की जल्द बैठक की भी मांग की।
ये भी पढ़ें:- अब आतंकी हमला हुआ तो क्या?: जयशंकर बोले- उकसाया तो घर में घुसकर मारेंगे, हमें परवाह नहीं आतंकी कहां है...
उर्सुला वॉन डेर लेयेन और जयशंकर की मुलाकात
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगलवार को यूरोपीय आयोग (ईसी) की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने व्यापार, प्रौद्योगिकी और सुरक्षा के क्षेत्र में मजबूत सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। बैठक के दौरान जयशंकर और वॉन डेर लेयेन ने भारत-यूरोपीय संघ साझेदारी को गहरा करने के लिए चल रहे प्रयासों पर भी चर्चा की।
वॉन डेर ने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की
मुलाकात के दौरान वॉन डेर लेयेन ने पहलगाम हमले की कड़ी निंदा की और आतंकवाद से मुकाबले में भारत का साथ देने की बात कही। बैठक के बाद वॉन डेर लेयेन ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, यूरोपीय संघ-भारत रणनीतिक साझेदारी मजबूत हो रही है। हम एक महत्वाकांक्षी एफटीए, तकनीक और नवाचार तथा सुरक्षा और रक्षा के साथ विकास पर आधारित रणनीतिक एजेंडे पर काम कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि मैं अगले शिखर सम्मेलन में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ इसे (एफटीए) अपनाने के लिए उत्सुक हूं।
ये भी पढ़ें:- US: एआई से खुफिया काम में आई रफ्तार, तुलसी गबार्ड बोलीं- इसके सही इस्तेमाल से बचेंगे पैसे और समय
बेल्जियम के पीएम से भी मिले जयशंकर
इसके साथ ही जयशंकर ने बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर से भी मुलाकात की और उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं दीं। दोनों पक्ष ने व्यापार, सुरक्षा और रक्षा, निवेश, स्वच्छ ऊर्जा, अर्धचालक और नवाचार में सहयोग को बढ़ाने पर चर्चा की। इतना ही नहीं जयशंकर ने बेल्जियम के राजा फिलिप से भी मुलाकात की और कहा, भारत के प्रति उनकी गर्मजोशी भरी भावनाओं और हमारे संबंधों को गहरा करने के उनके मार्गदर्शन की मैं कद्र करता हूं।