इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू
- फोटो : फाइल फोटो
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की पत्नी सारा नेतन्याहू को जनता के पैसे के दुरुपयोग का दोषी पाया गया है। अदालत ने सारा पर 2800 डालर (करीब दो लाख रुपये) का जुर्माना भी लगाया है। येरुशलम की मजिस्ट्रेट कोर्ट ने कहा कि 60 वर्षीय सारा ने आलीशान भोजन के लिए एक लाख डालर (करीब 70 लाख रुपये) सरकारी पैसे का गलत इस्तेमाल किया।
रविवार को सारा अदालत में पेश हुईं और अपनी गलती स्वीकार की। समझौते के तहत अदालत ने सारा के ऊपर से धोखाधड़ी का आरोप हटा लिया, लेकिन इसके बदले उन्हें सरकारी खजाने को हुए नुकसान की भरपाई करने का आदेश दिया। जज एवाइटल चेन ने करीब दो लाख रुपये जुर्माने के साथ ही नेतन्याहू की पत्नी को 8,71,000 रुपये सरकार को लौटाने का आदेश दिया है।
हालांकि, सारा ने ये रकम नौ किश्तों में चुकाने का आग्रह किया, जिसे अदालत में मंजूर कर लिया। सारा पर पिछले साल शाहखर्ची के आरोप लगे थे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सरकारी आवास में कुक होने के बावजूद सारा ने रेस्टोरेंट से आलीशान भोजन पर लाखों रुपये खर्च किए।
सारा का है विवादों से पुराना नाता
इजरायली प्रधानमंत्री की पत्नी सारा पहले भी विवादों में रही हैं। तीन साल पहले लेबर कोर्ट ने सारा को घरेलू स्टाफ का अपमान करने और उनके साथ हंगामा करने का दोषी पाया था। मानहानि के इस मुकदमे में कोर्ट ने उन पर भारी भरकम जुर्माना लगाया था।