इस्राइली सेना ने कहा कि गोलीबारी में दर्जनों फलस्तीनी नागरिक मारे गए, जिन्होंने जनवरी में हुए संघर्ष-विराम समझौते का उल्लंघन करते हुए या तो उसके सैनिकों के करीब आने की कोशिश की या फिर अनधिकृत क्षेत्रों में प्रवेश किया।
इस्राइल ने चरमपंथी समूह हमास पर संघर्ष-विराम समझौते के पहले चरण के विस्तार को स्वीकार करने का दबाव बढ़ाने के लिए गाजा पट्टी में रह रहे 20 लाख से अधिक फलस्तीनियों को सामान और बिजली की आपूर्ति पिछले हफ्ते रोक दी थी। समझौते का पहला चरण एक मार्च को समाप्त हो गया था।
इस्राइल चाहता है कि हमास स्थाई संघर्ष-विराम पर बातचीत के लिए हामी भरने के बदले उसके बाकी बंधकों में से आधे को रिहा कर दे। वहीं, हमास संघर्ष-विराम के अधिक कठिन दूसरे चरण पर बातचीत शुरू करना चाहता है, जिसके तहत गाजा पट्टी से बाकी बंधकों की रिहाई, इस्राइली सेना की वापसी और स्थायी शांति सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। हमास के कब्जे में इस्राइल के 24 जीवित बंधकों के अलावा 35 बंधकों के शव होने का अनुमान है।