दक्षिण लेबनान के नबातिये जिले के कफरसिर कस्बे में इस्राइल के हवाई हमले में चार लोगों की मौत और तीन घायल हुए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोपहर में ‘गाइडेड मिसाइल’ से कार को निशाना बनाया गया। यह हमला तब हुआ जब लेबनानी राष्ट्रपति जोसेफ आउन ने शांति वार्ता का प्रस्ताव रखते हुए इस्राइल पर हमले बढ़ाने का आरोप लगाया था।
इस्राइल और हमास के बीच दो साल से चल रहे भयावह हिंसक संघर्ष के बाद सीजफायर हुआ। हालांकि उसके बाद भी पश्चिम एशिया में आज भी अशांति बरकरार है। कारण है कि प्रतिदिन गोलीबारी की खबरें आ रही हैं। इसी बीच दक्षिण लेबनान के नबातिये जिले के कफरसिर कस्बे में शनिवार को इस्राइल के हवाई हमले में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और तीन लोग घायल हुए। यह जानकारी लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने दी है।
आम नागरिकों की मौतें
संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक, युद्धविराम लागू होने के बाद से इस्राइली हमलों में लेबनान के कम से कम 111 नागरिक मारे जा चुके हैं। इनमें पत्रकार और राहतकर्मी भी शामिल हैं। मीडिया रिपोर्टस बताती है कि इस्राइली सेना अभी भी दक्षिण लेबनान के कम से कम पांच इलाकों में मौजूद है और लगभग रोज हवाई हमले कर रही है, जिन्हें वह 'हिजबुल्लाह ठिकानों' पर कार्रवाई बताती है।
दूसरी ओर, राष्ट्रपति आउन ने हाल ही में कहा कि उनकी वार्ता की पहल का मकसद इस्राइली कब्जा खत्म करना है। उन्होंने लेबनान की शांति के लिए बातचीत की इच्छा दोहराई। इस्राइल का कहना है कि लेबनान हिजबुल्लाह को रोकने में नाकाम रहा है, जबकि हिज़बुल्लाह ने हथियार डालने से इनकार कर दिया है।