Israel: इस्राइल ने गाजा में आखिरी बंधक रेन ग्विली के अवशेष बरामद कर लिए हैं, जिससे युद्धविराम के अगले चरण का रास्ता साफ हो गया है। ग्विली के परिवार ने युद्धविराम के दूसरे चरण से पहले उनके अवशेष लौटाने की मांग की थी। पढ़िये रिपोर्ट-
इस्राइल ने सोमवार को घोषणा की कि गाजा में आखिरी बंधक रेन ग्विली के अवशेष बरामद कर लिए गए हैं। इससे इस्राइल-हमास संघर्ष को रोकने वाले युद्धविराम के अगले चरण का रास्ता साफ हो गया है। इससे एक दिन पहले इस्राइली सरकार ने बताया था कि सेना उत्तरी गाज के एक कब्रिस्तान में ग्विली के अवशेष ढूंढने के लिए व्यापक अभियान चला रही है।
विज्ञापन
गाजा युद्धविराम के पहले चरण में शेष सभी बंधकों को वापस लाना एक अहम शर्त थी, चाहे वे जीवित हों या मृत। ग्विली के परिवार ने इस्राइली सरकार से अपील की थी कि जब तक उनके अवशेष वापस नहीं लाए जाते, तब तक युद्धविराम दूसरे चरण में न जाए।
10 अक्तूबर को लागू हुआ था युद्धविराम का पहला चरण
इस्राइल और हमास पर मध्यस्थों का दबाव है कि वे अमेरिका की मध्यस्थता में हुए समझौते के दूसरे चरण में आगे बढ़ें। यह युद्धविराम 10 अक्तूबर को लागू हुआ था। इस्राइल ने कई बार हमास पर आरोप लगाया था कि वह आखिरी बंधक के अवशेष की बरामदगी में जानबूझकर देरी कर रहा है। वहीं, हमास ने कहा था कि ग्विली के अवशेषों के बारे में उसके पास जो भी जानकारी थी, वह उसने दे दी है। उसने इस्राइल पर आरोप लगाया कि वह उन इलाकों में खोज में बाधा डाल रहा है, जो इस्राइली सेना के नियंत्रण में हैं।
इस्राइली सेना ने कहा था कि ग्विली के अवशेषों को ढूंढने के लिए उस इलाके में यह अभियान चलाया गया, जिसे यलो लाइन कहा जाता है, जो इस क्षेत्र को अलग करती है।