पश्चिम एशिया में अशांति से इतर इस्राइली प्रधानमंत्री अपनी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण चर्चा में हैं। 75 साल के बेंजामिन नेतन्याहू को सर्जरी करानी पड़ी है। उनकी सेहत ठीक होने तक इस्राइल में कार्यवाहक प्रधानमंत्री के रूप में यारीव लेविन जिम्मा संभालेंगे। जानिए इस घटनाक्रम से जुड़े अपडेट्स
इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू प्रोस्टेट हटाने की सर्जरी कराने जा रहे हैं। यह प्रक्रिया कम जटिल एंडोस्कोपिक सर्जरी से की जाएगी। हालांकि, उन्हें कुछ दिन अस्पताल में ही रहना पड़ेगा। इस दौरान, एक कार्यवाहक प्रधानमंत्री-यारीव लेविन अस्थायी रूप से उनकी जिम्मेदारियां संभालेंगे। नेतन्याहू की यह सर्जरी ऐसे वक्त में हो रही है जब वह कई चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, जिनमें गाजा में जारी युद्ध और कथित भ्रष्टाचार के मामले में उनका मुकदमा शामिल है।
विज्ञापन
नेतन्याहू की शारीरिक फिटनेस पर दुनियाभर की नजरें
75 साल के नेतन्याहू हाल के वर्षों में कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ चुके हैं, जिनमें हृदय संबंधी समस्या और हर्निया की सर्जरी शामिल है। उनकी बढ़ती उम्र और उनके नेतृत्व पर पड़ने वाले असर की वजह से उनकी सेहत और शारीरिक फिटनेस पर देश और विदेश दोनों जगह गहरी नजर रखी जा रही है।
इस आयु में भी 18 घंटे काम करने का दावा
हाल के वर्षों में सेहत से जुड़ी कई दिक्कतें झेलने के बाद भी नेतन्याहू ने सार्वजनिक तौर से खुद को पूरी तरह स्वस्थ और ऊर्जावान नेता के रूप में पेश करने के लिए काफी कुछ किया है। इस महीने अपने मुकदमे के दौरान उन्होंने 18 घंटे काम करने का दावा किया, भले ही वे लंबे समय तक सिगरेट पीते हों। बहरहाल, इस्राइल के सबसे लंबे वक्त तक सत्ता में रहने वाले नेता के तौर पर कुल 17 वर्षों के दौरान इतना मुश्किल कार्यभार उनकी सेहत पर भारी भी पड़ सकता है।