इस्राइल के नए रक्षा मंत्री इस्राइल कैट्ज
- फोटो : AMAR UJALA
7 अक्तूबर को इस्राइल पर हमास द्वारा किए गए हमले के बाद से ही इस्राइल कई मोर्चों पर लड़ रहा है। यह लड़ाई खत्म होती दिख भी नहीं रही है। इन हालात में इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने मौजूदा रक्षा मंत्री योआव गैलेंट को हटाकर इस्राइल कैट्ज को यह कमान सौंपी है। 18 वर्ष की उम्र में सेना में शामिल, छात्र संघ अध्यक्ष बनने से लेकर इस्राइल के अहम मंत्रालयों को संभालने और हमास व हिजबुल्ला से समझौता नहीं करने, उनके सफाये को ही अपना लक्ष्य बताने वाले कैट्ज को, जिन्हें इस्राइली प्रधानमंत्री का भरोसेमंद भी माना जाता है, अगर युद्ध के बीच में एकाएक इस्राइल की रक्षा की जिम्मेदारी दी गई है, तो सवाल उठना लाजमी कि आखिर इस्राइल कैट्ज हैं कौन?
इस्राइल के नए रक्षा मंत्री इस्राइल कैट्ज
- फोटो : AMAR UJALA
कौन हैं इस्राइल के नए रक्षा मंत्री?
नेतन्याहू ने योआव गैलेंट को हटाकर अपने विदेश मंत्री इस्राइल कैट्ज को नया रक्षा मंत्री बनाया है। बीते 32 वर्षों से सक्रिय राजनीति कर रहे 69 वर्षीय कैट्ज के पास देश की आंतरिक, वित्त, विदेश और रक्षा नीति का विशाल अनुभव तो है ही, सबसे बड़ी बात यह है कि नेतन्याहू पर जब भी कोई आंतरिक या बाहरी संकट आया, तो वह हमेशा उनके संकटमोचक बनकर साथ खड़े नजर आए। वह कृषि, परिवहन, खुफिया, वित्त, ऊर्जा और विदेश जैसे अहम मंत्रालयों को संभाल चुके हैं और वह इस्राइल की दक्षिणपंथी सत्तारूढ़ लिकुड पार्टी में प्रधानमंत्री नेतन्याहू के बाद सबसे प्रभावी राजनेता भी हैं।
रक्षा मंत्री इस्राइल कैट्ज
- फोटो : एक्स/ इस्राइल कैट्ज
18 साल की उम्र में वर्ष 1973 में सेना में शामिल हुए
इस्राइल कैट्ज का जन्म 21 सितंबर, 1955 को इसाइली शहर अश्केलोन में हुआ था। कैट्ज के पिता मीर कैट्ज और मां मालका रोमानिया में रहते थे, लेकिन दूसरे विश्वयुद्ध में नाजियों द्वारा किए गए यहूदियों के नरसंहार में किसी तरह बच बचकर इसाइल में जाकर रहने लगे। कैट्ज का शुरू से ही राजनीति और रक्षा मामलों में रुझान रहा है। कैट्ज 18 वर्ष की उम्र में वर्ष 1973 में सेना में भर्ती हो गए। वर्ष 1976 में वह प्लाटून लीडर बन गए थे।
सेना से अलग होकर छात्र राजनीति में आए
वर्ष 1977 में वह सेना से अलग होकर महाविद्यालयी पढ़ाई के साथ ही छात्र राजनीति में सक्रिय हो गए। कैट्ज ने हेब्रयू विश्वविद्यालय, यरूशलम से बीए और एमए की शिक्षा हासिल की। विश्वविद्यालय में पढ़ाई के दौरान कैट्ज 1980 में छात्र संघ के अध्यक्ष बने। वहीं, अरब हिंसा के खिलाफ प्रदर्शन करने पर उन्हें विश्वविद्यालय से एक साल के लिए निलंबित कर दिया गया था और कमरे में बंद रहने की सजा मिली। इसाइल कैट्ज की शादी रोनित कैट्ज से हुई है, उनके दो बच्चे हैं।
दो बार हार के बाद मिली जीत
कैट्ज ने वर्ष 1992 में देश की सक्रिय राजनीति में शामिल होने का फैसला लिया, लेकिन वह चुनाव हार गए, 1996 में भी उन्हें निराशा हाथ लगी, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। अंततः 1998 में इसाइल कैट्ज ने जीत दर्ज की। इसके बाद से वह लगातार जीतते आ रहे हैं। वर्ष 2003 में एरियल शेरोन की सरकार में वह कृषि मंत्री बनाए गए। इसी बीच कैट्ज और बेंजामिन नेतन्याहू की नजदीकियां बढ़ गई।
नेतन्याहू का साथ
2004 में कैट्ज ने तत्कालीन प्रधानमंत्री शेरोन पर 'गाजा विघटन योजना' को लेकर नेतन्याहू के साथ दबाव बनाया। यहां तक कि मंत्री पद से इस्तीफा देने का भी एलान कर दिया। वह नेतन्याहू की सरकार में 2009 से 2019 तक परिवहन मंत्री रहे। 2015 से 2020 तक खुफिया मंत्रालय, 2019 से 2020 तक विदेश मंत्रालय, 2020-2021 तक वित्त मंत्री, 2022 से 2024 तक ऊर्जा मंत्री, 2024 में फिर विदेश मंत्री बने और अब रक्षा मंत्री बनाए गए हैं।
ट्रंप के करीबी और स्पष्टवादी
इसाइल कैट्ज को 5 नवंबर को रक्षा मंत्री बनाया गया। इसी दिन अमेरिका में हुए चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप ने भारी बहुमत से जीत दर्ज की। कैट्ज को डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पार्टी रिपब्लिकन का करीब माना जाता है, जबकि पहले के रक्षा मंत्री योआव गैलेट वाइडन प्रशासन की विचारधारा को ही आगे बढ़ाने पर जोर दे रहे थे। इतना ही नहीं कैट्ज को मजबूत और स्पष्टवादी राजनेता के तौर पर भी देखा जाता है।
भ्रष्टाचार के आरोप भी लगे
लंबे समय से इस्राइल की सरकार में शामिल कैट्ज पर समय-समय पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगते रहे हैं। वर्ष 2007 में इसाइल की पुलिस ने उन पर कृषि मंत्री (2003 से 2006 तक) रहते हुए कई धोखाधड़ी करने और राजनीतिक नियुक्तियों में धांधली के आरोप में मुकदमा दर्ज करने की सिफारिश की थी। हालांकि, बाद में एटॉर्नी जनरल ने आरोपों को खारिज करते हुए मामला बंद कर दिया था। इसके अलावा 2020 में जब वह वित्त मंत्री थे, तो उनकी ही पार्टी लिकुड के नेता ने उन पर आरोप लगाए कि कैट्ज अपने परिवार को लाभ देने के लिए नियमों में बदलाव कराना चाहते हैं।