दक्षिण में खान यूनिस पर कब्जे के बाद गुरुवार को इस्राइली सेना गाजा के बड़े शहरों में घुसी और हमास के खिलाफ जमीनी युद्ध का विस्तार किया। इससे आतंकियों में भगदड़ मच गई। फलस्तीनी लोग डरे हैं और वे बचाव में जुटे हैं। शाम तक इस्राइली सैनिक मिस्र सीमा के पड़ोस ‘राफा’ में भी घुस गए। संयुक्त राष्ट्र ने इसे सर्वनाश के रूप में वर्णित किया है। हालांकि इस्राइली सैनिकों ने राफा में घुसने के बाद कहा कि आम नागरिक सुरक्षित रहेंगे लेकिन राफा में स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा, एक घर पर हमले में 15 लोगों की मौत के बाद लोग भयभीत हैं।
गाजा में नागरिकों की सुरक्षा को लेकर बाइडन ने नेतन्याहू से की बातचीत
दक्षिणी गाजा में भीषण संघर्ष के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने गुरुवार (स्थानीय समय) को इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बात की। इस दौरान उन्होंने फलस्तीनी नागरिकों की सुरक्षा पर जोर दिया। साथ ही दोनों नेताओं ने गाजा के बदलते घटनाक्रम पर चर्चा की। बाइडन ने गाजा में मानवीय सहायता लगातार जारी रहने के महत्व पर भी जोर दिया।
इस्राइल ने गुरुवार को कहा कि उसने खान यूनिस शहर में कई बंदूकधारियों को मार डाला है। इनमें दो आतंकी भी हैं। फलस्तीनी अधिकारियों ने कहा, इस्राइली हवाई हमलों में मध्य गाजा पट्टी में नुसेरात शरणार्थी शिविर के एक घर में रात में चार लोगों की मौत हो गई और एक अन्य हमले में खान यूनिस में दो लोग मारे गए। उधर, उत्तर में पूर्वी शेजाइया व उत्तरी जबालिया शरणार्थी शिविर के अलावा सबरा जिले में भी भीषण बमबारी की गई। इस्राइल ने जबालिया में छापा मारकर कई बंदूकधारियों को मार डाला।
याह्या अल-सिनवार के घर को घेरा गया
इस्राइल ने कहा कि उसने जबालिया में हमास की सुरंगों के नए नेटवर्क का पता लगाया है। पीएम नेतन्याहू ने कहा, सैनिकों ने खान यूनिस में, हमास के आतंकी सरगना याह्या अल-सिनवार के घर को घेर लिया है। हालांकि यह नहीं बताया गया कि आतंकी सरगना वहां से कहां भाग गया है। उसे पकड़ने में वक्त लगेगा।
इस्राइल के मंत्री का मेजर बेटा हमास से लड़ते हुए गाजा में हुआ शहीद
इस्राइल की युद्ध कैबिनेट के मंत्री और पूर्व सेनाध्यक्ष गादी आइजनकोट का बेटा मेजर गाल गाजा में हमास के खिलाफ लड़ते हुए गुरुवार को शहीद हो गया। इस्राइली मीडिया के अनुसार 25 वर्षीय गाल उत्तरी गाजा में टनल के भीतर धमाके में घायल हो गए थे। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि इस खबर से दिल टूट गया है। गाल के पिता जनरल गादी ने भी कई युद्धों में भाग लिया था।
अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने वाशिंगटन में ब्रिटिश विदेश मंत्री डेविड कैमरन से मुलाकात के बाद कहा, हम दक्षिण में जमीनी अभियान देख रहे हैं, अब जरूरी है कि इस्राइल यहां नागरिक सुरक्षा पर ध्यान दे। नागरिकों की रक्षा करने के इरादे व जमीन पर उसकी हकीकत के जो नतीजे दिख रहे हैं, उनमें भारी अंतर है।
इस्राइली बंधक सैनिक मारा गया: हमास
आतंकी समूह हमास की सशस्त्र शाखा ने कहा है कि बंधक बनाए गए एक इस्राइली सैनिक की शुक्रवार तड़के एक झड़प के दौरान मौत हो गई। अल-कसम ब्रिगेड ने कहा कि उसके लड़ाकों ने बचाव अभियान का पता लगा लिया था और यूनिट का सामना किया, जिसके कारण ऑपरेशन में शामिल कई इस्राइली बलों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। इस दौरान बंधक बनाया सैनिक सार बारूक (25) भी मारा गया।
मरीज फर्श पर कराहे, सोये और मर गए
बमबारी के चलते सड़कें इतनी उबड़-खाबड़ हो गई हैं कि मृतक और घायल गधा गाड़ी से अस्पताल आ रहे हैं। खान यूनिस में 48 वर्षीय फिलिस्तीनी चिकित्सक नसीम हसन ने कहा, नासिर अस्पताल में गुजरना मुश्किल हो गया है, लोग जमीन पर पड़े हैं। मैंने जब हॉल का दौरा किया तो मरीज, भयभीत या अर्धचेतन होकर, उसकी आस्तीन खींचने लगे। उन्होंने कहा, वे खून से सने फर्श पर कराहते रहे, सोये और मर गए।