फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इस्राइल-हमास युद्धविराम: UN-ब्रिटेन ने समझौते का स्वागत किया; ओबामा बोले- फलस्तीनी पीड़ितों के लिए अच्छी खबर

Thu, 16 Jan 2025 04:12 AM IST
दीपक कुमार शर्मा वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला

सार

यूएन महासचिव एंटोनियो गुटेरस, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने इस्राइल-हमास युद्धविराम समझौते का स्वागत किया है। साथ ही वैश्विक नेताओं ने शांति की दिशा में आगे के प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। 
विज्ञापन
एंटोनियो गुटेरस, बराक ओबामा और कीर स्टार्मर - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इस्राइल और हमास के बीच युद्ध विराम पर समझौता हो गया है। बुधवार को मध्यस्थ वार्ताकारों ने बताया कि समझौते के तहत शुरुआती छह सप्ताह के लिए युद्ध रोका जाएगा। इसके बाद पूर्ण युद्ध विराम पर चर्चा की जाएगी। हालांकि, युद्धविराम समझौते के बाद, वैश्विक नेताओं ने शांति की दिशा में आगे के प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। 
विज्ञापन


ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने पश्चिम एशिया में शांति समझौते का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस्राइल और फलस्तीन के लोग इस समझौते का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। उन्होंने गाजा में पीड़ित फलस्तीनियों के लिए मानवीय सहायता का आह्वान किया और स्थायी समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा, 'हम इस्राइल और फलस्तीनी लोगों के लिए एक बेहतर भविष्य सुरक्षित करने की दिशा में काम करेंगे।' गुटेरस ने मध्यस्थता करने वाले देशों की सराहना की
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरस ने कहा, 'मैं गाजा में युद्ध विराम और बंधकों की रिहाई सुनिश्चित करने के लिए समझौते की घोषणा का स्वागत करता हूं।' उन्होंने कहा कि वे इस समझौते में मध्यस्थता करने वाले देश- मिस्र, कतर और अमेरिका के समर्पित प्रयासों की सराहना करते हैं। उन्होंने कहा कि वे सभी से अपनी प्रतिबद्धताओं को बनाए रखने और यह सुनिश्चित करने का आह्वान करते हैं कि यह समझौता पूरी तरह से लागू हो।
विज्ञापन

  बराक ओबामा बोले- शांति समझौता सकारात्मक कदम
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने भी पश्चिम एशिया में शांति समझौते को एक सकारात्मक कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह समझौता रक्तपात को रोक सकता है। बराक ओबामा ने कहा, 'यह समझौता उन लोगों के लिए अच्छी खबर है, जिन्होंने गाजा संघर्ष में अपने प्रियजनों को खो दिया है।'
 

शांति समझौता कई महीनों के व्यापक प्रयासों का परिणाम: डॉ. अल खुलैफी
कतर के विदेश मंत्रालय के राज्य मंत्री डॉ. अल खुलैफी ने कहा, 'यह समझौता कतर और हमारे सह-मध्यस्थों के द्वारा कई महीनों में किए गए व्यापक प्रयासों का परिणाम है। इसका उद्देश्य गाजा पट्टी में लड़ाई को रोकना और शांति बहाल करना है। हमारी प्राथमिकता नागरिकों की सुरक्षा और फलस्तीनी लोगों को मानवीय सहायता प्रदान करना है।
 

इस्राइल-हमास संघर्ष विराम में ट्रंप की अहम भूमिका: विदेश विभाग
अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा है कि इस्राइल-हमास युद्धविराम में निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अहम भूमिका रही है। विदेश विभाग के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने कहा कि इस सौदे को अंतिम रूप देने में ट्रंप की अहम भूमिका रही है। बाइडन प्रशासन का कार्यकाल पांच दिनों में समाप्त हो जाएगा। मिलर ने कहा, 'हम, निश्चित रूप से, इस संघर्ष विराम समझौते पर हमारे साथ काम करने के लिए ट्रंप की टीम को धन्यवाद देते हैं। उनका वार्ता प्रक्रिया में शामिल रहना अहम रहा।'

विज्ञापन


उन्होंने कहा कि इस्राइल-हमास संघर्ष विराम समझौता दिखाता है कि जब अमेरिकी दलीय सीमाओं से परे एक साथ काम करने के लिए तैयार होते हैं, तो बहुत कुछ हासिल किया जा सकता है। मिलर के मुताबिक हमने इस अवसर पर मिलकर काम किया क्योंकि यह अमेरिका के राष्ट्रीय हितों में है।

15 महीने से चल रहा संघर्ष समाप्त होने की आशा
इससे पहले, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने इस्राइल-हमास के बीच युद्धविराम और बंधक समझौते की सफल बातचीत की घोषणा की, जिससे 15 महीने से चल रहा संघर्ष समाप्त हो गया। यह समझौता तीन चरणों में होगा, जिसमें पूर्ण युद्धविराम, इस्राइली सेना की वापसी, और बंधकों की रिहाई शामिल है। कतर की राजधानी दोहा में हुई समझौते की बातचीत
बता दें कि कतर की राजधानी में कई सप्ताह तक चली कड़ी बातचीत के बाद हुए इस समझौते में हमास की ओर से बंधक बनाए गए दर्जनों लोगों को चरणबद्ध तरीके से रिहा करने पर सहमति जताई गई है। इस्राइल भी अपने कैद से सैकड़ों फलस्तीनी कैदियों को रिहा करने के लिए सहमत हो गया है। यही नहीं इस समझौते से अब गाजा में विस्थापित हुए लाखों लोग अपने घर लौट आएंगे। कतर और हमास के अधिकारियों ने समझौते की पुष्टि कर दी है, इस्राइल की तरफ से अभी तक कोई कोई टिप्पणी नहीं की गई। इस समझौते को अभी इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की कैबिनेट द्वारा अनुमोदित किए जाने की आवश्यकता है। हालांकि मध्यस्थ वार्ताकारों को यकीन है कि आने वाले दिनों में यह प्रभावी हो जाएगा। वार्ताकारों ने कहा कि छह सप्ताह के युद्ध विराम के बीच करीब 100 बंधकों में से 33 को रिहा कर दिया जाएगा। इसके बाद अन्य को भी चरणबद्ध तरीके से रिहा किया जाएगा। दूसरी तरफ, यह स्पष्ट नहीं है कि कितने विस्थापित फलस्तीनी अपने घर लौट पाएंगे।

संबंधित वीडियो
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें