फंसे भारतीय छात्रों को निकालने के प्रयास तेज
इस्राइल में मरने वालों की संख्या बढ़कर 600 हुई
इस्राइल के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, हमें यह बताते हुए दुख हो रहा है कि इस्राइल में मरने वालों की संख्या बढ़कर 600 हो गई है। हम घायलों के इलाज और अतिरिक्त हताहतों की संख्या को रोकने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। इस अत्याचार के लिए जिम्मेदार हमास आतंकवादियों को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।
ओडिशा: इस्राइल-फिलिस्तीन संघर्ष पर रेत की मूर्ति बनाई
रेत कलाकार सुदर्शन पटनायक ने पुरी समुद्र तट पर एकजुटता दिखाते हुए इस्राइल-फिलिस्तीन संघर्ष पर रेत की मूर्ति बनाई।
हमास ने लोहे के ट्यूब-इस्राइली हथियारों के मलबे से तैयार किए हजारों रॉकेट!
आतंकी संगठन हमास ने महज बीस मिनट के भीतर इस्राइल के ऊपर 5000 रॉकेट दाग कर जिस युद्ध की शुरुआत की वह रॉकेट उसको मिले कहां से? अब सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि इतनी मात्रा में हमास को रॉकेट की तकनीकी किसने दी और कौन से वैज्ञानिकों ने मिलकर यह रॉकेट तैयार किए। दुनिया की अलग अलग एजेंसियों की जानकारियां और खुफिया एजेंसियों के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक फलिस्तीन आतंकी संगठन हमास ने कम दूरी की मारक क्षमता वाले रॉकेट को लोहे की ट्यूब, पानी की पाइप और इस्राइली मिसाइल के टुकड़ों का इस्तेमाल करके तैयार किया है। हालांकि, कहा यह जा रहा है कि इन मिसाइलों को डिजाइन करने में ईरान ने हमास की बड़ी मदद की है। पढ़ें पूरी खबर
10 नेपाली छात्रों की मौत
इस्राइल में मौजूदा स्थिति में लगभग 10 नेपाली छात्रों की मौत हो गई। इस्राइल में नेपाल दूतावास के अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है।
मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने कहा है कि विदेश मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार, युद्धग्रस्त इस्राइल और फिलिस्तीन के कुछ इलाकों में फंसे 27 भारतीयों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। उन्होंने बताया कि विदेश मंत्रालय के अनुसार युद्धग्रस्त इलाकों से भारतीय नागरिकों को सुरक्षित मिस्र पहुंचा दिया गया है। आगे की कार्रवाई अब इन लोगों की सकुशल स्वदेश वापसी के लिए होगी।
भारत में इस्राइल के राजदूत नाओर गिलोन ने कहा, भारत से प्रधानमंत्री मोदी का समर्थन मिला है। उन्होंने कहा, फोन पर कुछ मंत्रियों, व्यापारियों, सिविल सेवकों ने इस्राइल का समर्थन करने की बात कही है। भारत से मिले भारी समर्थन से इस्राइल बहुत उत्साहित है। हमारा सोशल मीडिया ऐसे लोगों से भरा है जो अपना समर्थन दिखा रहे हैं। इस्राइल इसकी सराहना करता है। नाओर गिलोन ने कहा, भारत सबसे पहले, दुनिया का बहुत ही महत्वपूर्ण देश है।
दूसरे देशों के नागरिक हताहत, आकड़े की सटीक जानकारी नहीं
इस्राइल और भारत की करीबी का महत्व बताते हुए गिलोन ने कहा, भारत आतंकवाद को अच्छे से समझता है। इस्राइल को केवल नैतिक और राजनीतिक समर्थन की जरूरत है। जमीन पर काम करना हम जानते हैं। हालांकि, हमें यह सुनिश्चित करने के लिए योजना को क्रियान्वित करने की क्षमता की जरूरत है। कार्रवाई ऐसी होगी कि हमास फिर से किसी और को धमकी नहीं देगा। उन्होंने कहा कि इस्राइल में दूसरे देशों के भी कई नागरिक हताहत हुए हैं, लेकिन सटीक जानकारी नहीं मिली है।
इस्राइल रक्षा बल (आईडीएफ) की प्रवक्ता मेजर लिब्बी वीस के अनुसार, हम जानते हैं कि हमास एक आतंकवादी संगठन है। उनके नापाक मंसूबे इस्राइल को नक्शे से मिटाना है। इस्राइली नागरिकों को निशाना बनाने के बारे में आतंकी संगठन नियमित रूप से बात करता रहा है। उन्होंने अपना मकसद नहीं छिपाया है। यही उनका इरादा है। इसके बारे में हम दुनिया से बात कर रहे हैं। अब इस आतंकवादी संगठन की क्रूरता के बारे में कोई सवाल बाकी नहीं है। इस्राइल की सड़कों पर वास्तविक रूप से भयानक आतंक का मंजर देखा जा सकता है।
तेल अवीव में मौजूद इस्राइल रक्षा बल (आईडीएफ) की प्रवक्ता, मेजर लिब्बी वीस ने बताया, इस्राइल के साथ व्यापक समर्थन का कारण भयावह आतंकी वारदात है। हमास के हमले के बाद तबाही का मंजर कल सभी ने देखा...जब महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सीमा पार घसीटा गया। जब संगीत समारोह में युवाओं की हत्या कर दी जाए तो कोई भी ऐसी नृशंस हरकतों का समर्थन नहीं कर सकता। यह दर्दनाक और स्पष्ट है कि हमास युद्ध अपराधी है। उन्होंने इस्राइल में जो किया है वह भयानक और पूरी तरह से अक्षम्य है।
इस्राइल में आतंकी हमलों के बाद सेना की तरफ से जारी जवाबी कार्रवाई में 700 से अधिक लोगों के मारे जाने, जबकि 1900 से अधिक लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। इस्राइल का दावा है कि उसने 400 से अधिक आतंकियों को ढेर किया है। दूसरी तरफ इस्राइल में सैनिकों सहित कम से कम 350 इस्राइली हताहत हुए हैं। पिछले 50 वर्षों में हुए सबसे घातक हमलों के बीच भारत की अभिनेत्री नुसरत भरुचा के इस्राइल में फंसने की खबर सामने आई। आज सकुशल मुंबई लौटने के बाद भरूचा ने मीडिया के किसी सवाल का जवाब नहीं दिया।
इस्राइल में आतंकी हमलों के बाद कई देशों के नागरिकों के संवेदनशील इलाकों में फंसने की आशंका है। नेपाल के विदेश मंत्री एनपी सऊद ने रविवार को कहा कि हमास आतंकवादी समूह के हमले के बाद इजराइल के दक्षिणी हिस्से में पढ़ रहे 12 नेपाली छात्र लापता हैं। उन्होंने कहा कि ठात्रों का कोई सुराग नहीं मिल रहा है। उनके हताहत होने की आशंका है।
हमास के रॉकेट हमलों से थर्राई इस्राइल की धरती पर नागरिकों का एक-एक पल दुआओं में गुजर रहा है। इसी बीच समाचार एजेंसी ANI ने हमले के 34-35 घंटे बाद के विजुअल जारी किए हैं। वीडियो और तस्वीरों में देखा जा सकता है कि हमले के बाद हुई सैन्य कार्रवाई के बाद इस्राइल में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
युद्धग्रस्त इस्राइल और गाजा पट्टी में 34 घंटे बीतने के बाद भी हालात बेहद संवेदनशील हैं। भारत सरकार ने एडवाइजरी जारी की है। इसी बीच विदेश राज्यमंत्री वी मुरलीधरन ने नागरिकों से अपील की है कि इस्राइल में रहने वाले लोग अतिरिक्त सतर्कता बरतें।
इस्राइल पर अंधाधुंध रॉकेट हमलों के बीच हमास के आतंकी एक लड़की के शव को लेकर परेड करते भी दिखे। इस वीभत्स विजुअल के सामने आने के बाद पता लगा है कि हमास ने इस्राइल पर हमले के दौरान परेड में जिस युवती का शव के साथ बर्बर बर्ताव किया वह एक जर्मन नागरिक है। युवती की पहचान शनि लौक के रूप में हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मृतका खौफनाक आतंकी वारदात से बेखबर इस्राइल में संगीत समारोह में शामिल होने गई थी। खबरों के अनुसार युवती की शोक संतप्त मां ने हमास से अपील की कि उसकी बेटी कभी लौटकर नहीं आ सकती, लेकिन कम से कम उसका शव लौटा दिया जाए।
केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन ने इस्राइल में फंसे भारतीयों से सुरक्षित रहने का आग्रह किया है। साथ ही उन्होंने लोगों से किसी भी चीज की जरूरत होने पर भारतीय दूतावास से सीधे संपर्क करने की सलाह भी दी। पढ़ें पूरी खबर...
चीन ने रविवार को फलस्तीन और इस्राइल से आम नागरिकों की रक्षा के लिए तत्काल संघर्ष रोकने, संयम बरतने तथा स्थिति को और बिगड़ने से बचाने के लिए शांति बनाए रखने का आह्वान किया इस्राइल और आतंकवादी समूह हमास के बीच भीषण संघर्ष से जुड़े सवाल पर चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि फलस्तीन और इजराइल के बीच मौजूदा तनाव और हिंसा में वृद्धि से चीन बहुत चिंतित है और संबंधित पक्षों से शांति बनाए रखने का आह्वान करता है।
उन्होंने कहा, हमास के हमलों के कारण युद्धग्रस्त इलाकों में स्थिरता कायम किए जाने की जरूरत है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, देश में 1800 से अधिक लोग घायल हुए हैं। मृतकों और बंधकों का जिक्र करते हुए इस्राइली राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की पूर्व निदेशक ने कहा, आम जनता से लेकर इस्राइल की चिंता कर रहे सभी लोग और देश की सुरक्षा एजेंसियां चूक कहां हुई, इसका जवाब तलाश रहे हैं। जवाब मिलने तक इस्राइल आराम से नहीं बैठने वाला।
इस्राइल में हुए आतंकी हमलों के बाद प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने मुंहतोड़ जवाब देने का फैसला लिया। 24 घंटे से अधिक समय से गोलीबारी हो रही है। इस्राइली सैन्य कार्रवाई के दौरान गाजा पट्टी में सैकड़ों लोगों की मौत हुई है। हमास के बाद लेबनान से हिजबुल्ला ने भी मोर्टार दागे हैं। संकट गहराने के बीच इस्राइल को भारत समेत कई देशों का समर्थन मिला है। इसी बीच इस्राइल की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की पूर्व निदेशक ने बताया है कि पुख्ता सुरक्षा बंदोबस्त और उच्च स्तरीय सुरक्षा वाले देश- इस्राइल में देश की जनता की सुरक्षा बड़े पैमाने पर प्रभावित हुई है।
एयर इंडिया ने रविवार को कहा कि उसने इस्राइल में उपजी स्थितियों के मद्देनजर 14 अक्तूबर तक के लिए अपनी तेल अवीव तक जानें वाली उड़ानों को रद्द कर दिया है। गौरतलब है कि इस्राइल पर शनिवार को ही हमास के आतंकियों ने हमला कर दिया था।
फलस्तीन के आतंकी संगठन हमास के हमलों में इस्राइल के 300 से ज्यादा लोग जान गंवा चुके हैं। इस बीच, आगबबूला इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने आतंकवादी संगठन के सभी ठिकानों को नष्ट करने का संकल्प लिया है। उन्होंने गाजा के सभी लोगों को तुरंत शहर छोड़ने की चेतावनी दी और कहा कि देश हमास को खत्म करने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा देगा।
फलस्तीन आतंकी संगठन हमास द्वारा शनिवार को इस्राइल पर किए गए हमले में करीब 300 इस्राइली नागरिक मारे गए हैं। इस्राइल के लोग इस हमले से डरकर अपने घरों में कैद हो गए। इस आतंकी हमले के बाद प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गाजा पट्टी को मलवे में तबदील करने की कसम खाई है। पढ़ें पूरी खबर...
लेबनान की तरफ से किए गए हमलों का इस्राइल ने मुंहतोड़ जवाब दिया है। इस्राइली डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) ने बताया कि उसने लेबनान में हिजबुल्ला के ठिकानों पर तोप से हमले किए हैं।
इस्राइल पर हमास की तरफ से किए गए हमले को लेकर अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भड़क गए हैं। उन्होंने अमेरिका के मौजूदा राष्ट्रपति जो बाइडन पर निशाना साधते हुए कहा कि यह हिंसा इसलिए हुई, क्योंकि बाइडन को कमजोर समझा जाता है। उन्होंने कहा कि यह एक बड़ा हमला है, जिसमें काफी लोगों की जान गई है। एक रैली के दौरान उन्होंने कहा कि आखिर किसने ऐसा सोचा था? मुझे लगता है कि इस स्थिति में एकमात्र फर्क सिर्फ राष्ट्रपतियों का ही है।
हमास के हमले के बीच लेबनान की तरफ से भी इस्राइल पर हमला किया गया है। बताया गया है कि रविवार को इस्राइल की तीन पोजिशन पर हिजबुल्ला आतंकी संगठन ने हमले किए। यह हमले सीरिया और इस्राइल सीमा के बीच गोलन हाइट्स के करीब किए गए।
फलस्तीन और इस्राइल के बीच माहौल गर्माया हुआ है। आतंकी संगठन हमास ने गाजा से शनिवार की सुबह अचानक महज 20 मिनट में इस्राइली शहरों पर ताबड़तोड़ करीब 5,000 रॉकेट दागे। यही नहीं, हमास के बंदूकधारी इस्राइली शहरों में भी घुस गए और कुछ सैन्य वाहनों पर कब्जा कर हमले किए। कई इस्राइली सैनिकों को बंधक भी बना लिया। इन सबके बीच सवाल उठ रहा है कि हमास ने इस्राइल के आयरन डोम को कैसे चकमा दे दिया, जिसे दुनिया की सबसे अच्छी वायु रक्षा प्रणालियों में से एक माना जाता है। पढ़ें पूरी खबर...
हमास आतंकी हमले के बाद इस्राइल के लोग काफी डरे हुए हैं। शनिवार को हमास आतंकी पैराग्लाइडर, नांव और मोटरसाइकिल से घुस गए और नागरिकों पर खुलेआम गोलीबारी करने लगे। इस हमले में करीबन 400 इस्राइली मारे गए। हमास आतंकियों के लगातार हमले के कारण इस्राइल के लोग अपने घरों के भीतर ही रहने को मजबूर हो चुके हैं। हालांकि, इस्राइल में रहने वाले सभी लोगों के घरों में सुरक्षा के लिए बम शेल्टर बना हुआ है। पढ़ें पूरी खबर...
फलस्तीन के आतंकी संगठन हमास के हमलों में इस्राइल के 300 से ज्यादा लोग जान गंवा चुके हैं। इस बीच, आगबबूला इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने आतंकवादी संगठन के सभी ठिकानों को नष्ट करने का संकल्प लिया है। उन्होंने गाजा के सभी लोगों को तुरंत शहर छोड़ने की चेतावनी दी और कहा कि देश हमास को खत्म करने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा देगा।
फलस्तीन और इस्राइल के बीच माहौल गर्माया हुआ है। फलस्तीनी आतंकवादी समूह हमास ने इस्राइल पर हमला किया, जिसके बाद दोनों देश में युद्ध जारी है। इसी बीच नुसरत भरूचा को लेकर एक चिंतित करने वाली खबर सामने आई है। इस्राइल और फलस्तीनी आतंकवादी समूह के बीच चल रहे टकराव के बीच अभिनेत्री इस्राइल में फंस गई हैं। नुसरत की टीम के एक सदस्य ने खुद इस बात की जानकारी दी, साथ ही अभिनेत्री से संपर्क को लेकर दिए बयान से फैंस की चिंता बढ़ा दी है। पढ़ें पूरी खबर...
फलस्तीनी आतंकी समूह हमास ने इस्राइल पर भीषण हमला किया है। हमास ने गाजा से शनिवार की सुबह अचानक थोड़े-थोड़े अंतराल पर इस्राइली शहरों पर ताबड़तोड़ करीब 5,000 रॉकेट दागे। बड़े युद्ध की अशंका को देखते हुए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की रविवार को आपात बैठक बुलाई गई है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने हमास के हमले की निंदा की है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने इस्राइली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू से फोन पर बात की और हर मदद देने का भरोसा दिया है। पढ़ें पूरी खबर...
Palestine Israel Conflict News Live: इस्राइल और फलस्तीन के आतंकी संगठन हमास के बीच युद्ध में अब तक 500 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। शनिवार को हमास की तरफ से अचानक किए गए हमलों में इस्राइल के 300 से ज्यादा लोग जान गंवा चुके हैं। वहीं, इस्राइल की ओर से पलटवार में गाजा पट्टी से करीब 250 मौतों की बातें सामने आ रही हैं। इस बीच अमेरिका-भारत समेत कई देशों ने इस आतंकी हमले की निंदा की है। अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन ने इस्राइल पर हमलों के मद्देनजर उसे आठ अरब डॉलर की आपात मदद मुहैया कराने का भी निर्देश दिया है।