इस्राइल ने गाजा पर एकबार फिर से अपने हमले तेज कर दिए हैं। पिछले 24 घंटे में इस्राइली सेना की ओर से एक स्कूल और कई घरों को निशाना बनाया गया है। इन हमलों में कम से कम 62 लोगों की मौत हो गई है। हालिया हमले ऐसे समय में हुए हैं जब इस्राइल और हमास पिछले 15 महीने से जारी युद्ध को समाप्त करने और बंधकों को रिहा करने के लिए संघर्ष विराम समझौते पर सहमत होने के करीब हैं।
स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार गाजा में इससे पहले हुए हमलों में कम से कम 18 लोगों की जान चली गई थी जिनमें दो महिलाएं और चार बच्चे शामिल हैं। अल जजीरा के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल-फतह अल सीसी सहित मध्यस्थों ने इस्राइल और हमास से समझौते को स्वीकार करने का संयुक्त आह्वान किया।
संघर्षविराम अंतिम दौर में
कतर हमास के साथ एक साल से अधिक समय से जारी अप्रत्यक्ष वार्ता में एक प्रमुख मध्यस्थ रहा है और वर्तमान में वार्ता की मेजबानी कर रहा है। वार्ता में शामिल दो अधिकारियों ने मंगलवार को बताया था कि हमास ने गाजा पट्टी में संघर्षविराम और दर्जनों बंधकों की रिहाई के लिए एक मसौदा समझौते को स्वीकार कर लिया है।
अमेरिका, मिस्र और कतर ने पिछले साल 15 महीने से जारी युद्ध को समाप्त करने और हमास के 7 अक्टूबर, 2023 के हमले में बंधक बनाये गए दर्जनों लोगों की रिहाई सुनिश्चित करने के लिए मध्यस्थता करने की कोशिश की है। गाजा के अंदर अभी भी करीब 100 इस्राइली बंदी हैं और सेना का मानना है कि उनमें से कम से कम एक तिहायी की मौत हो चुकी है।
तीन चरणों में लागू होगा समझौता
तीन चरण का समझौता अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन द्वारा निर्धारित रूपरेखा पर आधारित और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद द्वारा समर्थित है। इसकी शुरुआत छह सप्ताह की अवधि में 33 बंधकों की क्रमिक रिहाई के साथ शुरू होगी, जिसमें महिलाएं, बच्चे, वृद्ध और घायल नागरिक शामिल हैं। इस्राइली बंधकों की रिहाई संभावित रूप से इस्राइल द्वारा कैद सैकड़ों फलस्तीनी महिलाओं और बच्चों के बदले में होगी।
इस प्रथम, 42 दिवसीय चरण के दौरान, इस्राइली सेना जनसंख्या केन्द्रों से हट जाएंगी, फलस्तीनियों को उत्तरी गाजा में अपने घरों को लौटने दिया जाएगा तथा मानवीय सहायता में वृद्धि होगी, तथा प्रतिदिन लगभग 600 ट्रक वहां पहुंचेंगे। इसके तहत दूसरे चरण के विवरण पर पहले चरण के दौरान बातचीत की जानी चाहिए।
मिस्र के अधिकारी ने बताया कि हालांकि, तीनों मध्यस्थों ने हमास को मौखिक गारंटी दी है कि वार्ता योजनानुसार जारी रहेगी और वे पहले चरण के समाप्त होने से पहले दूसरे और तीसरे चरण को लागू करने के लिए एक समझौते के लिए दबाव डालेंगे।