ईरान की कुद्स फोर्स के प्रमुख इस्माइल कानी बेरूत पर हमले के बाद से संपर्क में नहीं हैं। दो वरिष्ठ ईरानी अधिकारियों ने बताया कि कानी पिछले महीने इस्राइली हवाई हमले में हिजबुल्ला नेता हसन नसरल्ला की हत्या के बाद लेबनान गए थे। हमले के बाद से कानी का कोई पता नहीं चला है।
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, एक अधिकारी ने बताया कि कानी बेरूत के दक्षिणी उपनगरों में थे, जहां हिजबुल्ला के वरिष्ठ अधिकारी हाशेम सफीद्दीन पर हमला हुआ था। लेकिन उन्होंने कहा कि कानी सफीद्दीन से मिलने नहीं गए थे।
हिजबुल्लाह के एक अधिकारी ने कहा कि बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर बमबारी के बाद इस्राइल सफीद्दीन की तलाश को आगे बढ़ने नहीं दे रहा है, जिसे नसरल्ला के उत्तराधिकारी के रूप में देखा जा रहा था।
ईरानी अधिकारियों ने कहा कि वे इस्माइल कानी से संपर्क नहीं कर पाए हैं, जिन्हें ईरान ने रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स की विदेशी सैन्य-खुफिया सेवा या कुद्स फोर्स का प्रमुख नियुक्त किया था। इस्राइल ने हिजबुल्ला के खिलाफ अभियान चलाया हुआ है।
दूसरे ईरानी अधिकारी ने बताया कि कानी ने नसरल्ला की हत्या के बाद लेबनान की यात्रा की थी और ईरानी अधिकारी सफीद्दीन के खिलाफ हमले के बाद से उससे संपर्क नहीं कर पाए थे।
वहीं, बेरूत में इस्राइली हमले में कानी की मौत के बारे में पूछे जाने पर, इस्राइली सैन्य प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल नदव शोशानी ने कहा कि हमलों के परिणामों का अभी भी आकलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस्राइल ने पिछले सप्ताह के अंत में बेरूत में हिजबुल्ला के खुफिया मुख्यालय पर हमला किया था।
शोशानी ने एक प्रेस ब्रीफिंग में कहा, 'जब हमारे पास उस हमले से अधिक विशिष्ट परिणाम होंगे, तो हम इसे साझा करेंगे। वहां कौन था और कौन नहीं था, इसके बारे में बहुत सारे सवाल हैं।'