फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ईरान ने दागीं अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइलें, 80 की मौत का दावा, कई देशों ने उड़ानें कीं रद्द

Wed, 08 Jan 2020 06:56 PM IST
Priyesh Mishra वर्ल्ड डेस्क, बगदाद

खास बातें

अमेरिकी एयर स्ट्राइक में ईरानी जनरल कासिम सुलेमानी की हत्या किए जाने के बाद बुधवार को जवाबी कार्रवाई करते हुए ईरान ने इराक में मौजूद अमेरिका के तीन सैन्य ठिकाने, इरबिर अल-असद और ताजी एयरबेस पर कई रॉकेट दागे। इस हमले ने एक बार फिर ईरान और अमेरिका के बीच तनाव को बढ़ा दिया है। इसी बीच ईरान में आज यूक्रेन का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। इस विमान में 180 यात्री सवार थे जिनकी मौत हो गई है। वहीं ईरान में आज भूकंप के दो झटके भी महसूस किए गए हैं। भारत ने भी ईरान और इराक के ऊपर से विमानों को उड़ान न भरने को कहा है। यहां पढ़िए पल-पल की अपडेट्स:
विज्ञापन
US Iran Tension - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:50 PM, 08-Jan-2020

चीन ने ईरान के मिसाइल हमलों के बाद संयम बरतने का आग्रह किया

अमेरिकी और ब्रिटिश सैनिकों के इराकी ठिकानों पर ईरान के मिसाइल हमलों के बाद चीन ने सभी पक्षों से संयम बरतने की बुधवार को अपील की। चीन ने कहा कि वह तनाव की इस स्थिति को कम करने में मदद करने के लिए जिम्मेदार भूमिका निभाएगा। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गेंग शुआंग ने नियमित प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि पश्चिम एशिया में हालात बदतर हों, यह किसी भी पक्ष के हित में नहीं है। हम संबंधित पक्षों से संयम बरतने की अपील करते हैं। 

06:49 PM, 08-Jan-2020

इराक ने की निंदा

इराक के राष्ट्रपति ने ईरान के मिसाइल हमलों की निंदा की।
 

05:27 PM, 08-Jan-2020

ईरान ने दी थी अमेरिकी बलों पर मिसाइल हमले की सूचना: इराक

इराक के प्रधानमंत्री कार्यालय ने बुधवार को कहा कि उसे ईरान से एक आधिकारिक मौखिक संदेश’’ मिला था जिसमें इराक में मौजूद अमेरिकी बलों पर मिसाइल हमले की सूचना दी गई थी। कार्यालय ने कहा कि हमें ईरान इस्लामी गणराज्य से एक आधिकारिक मौखिक संदेश मिला कि कासिम सुलेमानी की हत्या के जवाब में कार्रवाई शुरू हो गई है या थोड़ी देर में शुरू हो सकती है, और ठिकानों का ब्योरा दिए बिना कहा गया कि हमला इराक स्थित अमेरिकी सैनिकों के ठिकानों तक सीमित रहेगा। 

 

विज्ञापन
04:39 PM, 08-Jan-2020

हशद ने दी अमेरिका को हमले की धमकी

इराक के हशद अल शाबी अर्द्धसैन्य नेटवर्क के एक शीर्ष कमांडर ने बुधवार को कहा कि अमेरिकी हमले में उसके बल के उप प्रमुख के मारे जाने के बाद अब ‘इराक की ओर से जवाब देने का समय है। कट्टरपंथी हशद के कमांडर कैश अल खजाली ने एक ट्वीट में कहा, यह जवाब ईरानी जवाब से कुछ कम नहीं होगा। इसका वादा है। 


 

04:20 PM, 08-Jan-2020

नेतन्याहू ने किया आगाह 

इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि अगर ईरान इस्राइल पर हमला करेगा तो उसे उचित जवाब दिया जाएगा। 

 

विज्ञापन
04:07 PM, 08-Jan-2020

अमीरात एयरलाइन ने बगदाद के लिए रद्द की उड़ानें 

संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की अमीरात एयरलाइन और फ्लाईदुबई ने कहा कि उन्होंने परिचालन कारणों को लेकर बगदाद के लिए उड़ानें रद्द कर दी हैं। अमेरिकी सैनिकों के ठिकानों पर ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल दागे जाने के बाद यह कदम उठाया गया है। अमीरात एयरलाइन ने एक बयान में कहा कि आठ जनवरी को दुबई से बगदाद के लिए अमीरात उड़ानें ई के 943 और बगदाद से दुबई के लिए ई के 944 को परिचालन कारणों को लेकर रद्द कर दिया गया है। 

अमीरात एयरलाइन ने कहा, हम घटनाक्रमों की सावधानीपूर्वक निगरानी कर रहे हैं और अपने उड़ान परिचालन के बारे में संबद्ध सरकारी प्राधिकारों से करीबी संपर्क में हैं। हम जरूरत पड़ने पर और भी परिचालन बदलाव करेंगे। 

02:35 PM, 08-Jan-2020

ब्रिटेन ने ईरानी मिसाइल हमलों की निंदा की

ब्रिटेन ने गठबंधन सेना की मौजूदगी वाले इराकी सैन्य अड्डों पर ईरान के मिसाइल हमलों की बुधवार को निंदा की और हमलों में लोगों के हताहत होने की खबरों पर चिंता जताई। ब्रिटेन के विदेश मंत्री डोमिनिक राब ने कहा कि ब्रिटिश सेना समेत गठबंधन सेना की मौजूदगी वाले इराकी सैन्य अड्डों पर हमले की हम निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि लोगों के हताहत होने और बैलिस्टिक मिसाइलों के इस्तेमाल की खबरों को लेकर हम चिंतित हैं।

01:20 PM, 08-Jan-2020

खामनेई बोले- हमने अमेरिका के घमंड पर तमाचा जड़ा

ईरान के सर्वोच्च धार्मिक नेता अयातुल्लाह अली खामनेई ने कहा कि अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर किया गया हमला सफल रहा और पिछली रात हमने अमेरिका के घमंड पर तमाचा जड़ा है। उन्होंने जनरल कासिम सुलेमानी की हत्या को शहादत बताते हुए कहा कि ईरान कभी उनके योगदान को नहीं भूल सकता है। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने सुलेमानी को आतंकी घोषित करने की कोशिश की। यह अन्यायपूर्ण है, अमेरिकी झूठे हैं।
 

12:59 PM, 08-Jan-2020

भारत के किसी भी शांति कदम का स्वागत करेगा ईरान: ईरान के राजदूत

भारत में ईरान के राजदूत अली चेगेनी ने कहा कि ईरान अमेरिका के साथ तनाव कम करने की दिशा में भारत के किसी भी शांति कदम का स्वागत करेगा। उन्होंने कहा कि हम युद्ध नहीं चाहते हैं, हम क्षेत्र में सभी के लिए शांति और समृद्धि की कामना करते हैं।

12:27 PM, 08-Jan-2020

इराकी सेना का दावा- ईरान ने 22 मिसाइल दागे, कोई इराकी नहीं मारा गया

इराकी सेना ने दावा किया कि ईरान ने अमेरिकी सैनिकों के अड्डों पर कुल 22 मिसाइलें दागी। इन हमलों में कोई इराकी नहीं मारा गया है।

11:25 AM, 08-Jan-2020

ईरान का दावा- मिसाइल हमले में 80 की मौत

ईरान ने दावा किया है कि इराक में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर बुधवार को किए गए मिसाइल हमलों में 80 लोगों की मौत हुई है। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। 
 

 

11:16 AM, 08-Jan-2020

अमेरिका ने इराक से हटाया गठबंधन सेना का मुख्यालय

अमेरिका ने ईरान द्वारा किए गए ताजा हमले को देखते हुए इराक में मौजूद गठबंधन सेना का मुख्यालय कुवैत स्थानांतरित कर दिया है। इस बाद की जानकारी ईरानी मीडिया ने दी है। अमेरिका को डर है कि ईरान आगे भी इन ठिकानों को निशाना बना सकता है। 

10:32 AM, 08-Jan-2020

विदेश मंत्रालय ने जारी की यात्रा सलाह, ईराक जाने से बचने को कहा

विदेश मंत्रालय ने कहा, 'इराक की मौजूदा स्थिति को देखते हुए, भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे अगली अधिसूचना जारी होने तक इराक के गैर-आवश्यक यात्रा से बचें। इराक में रहने वाले भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वह सतर्क रहें और इराक के अंदर यात्रा करने से भी बचें।'

मंत्रालय ने आगे कहा कि बगदाद में मौजूद हमारा दूतावास और एरबिल का वाणिज्य दूतावास इराक में रहने वाले भारतीयों को सभी सेवाएं प्रदान करने के लिए सामान्य रूप से काम करना जारी रखेंगे।

10:31 AM, 08-Jan-2020

बढ़ सकता है हवाई किराया

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच भारतीय विमान कंपनियां अब ईरानी हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल से बचने के लिए अपनी उड़ानों का रास्ता बदल सकती हैं। इसके पहले भी जून 2019 में भारत के डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने ईरान के ऊपर से उड़ान न भरने का फरमान जारी किया था। इसका सीधा असर किराए पर पड़ेगा।

10:31 AM, 08-Jan-2020

भारत भी सतर्क, कहा- ईरान और इराक वायुक्षेत्र में जाने से बचें

ईरान द्वारा अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर किए गए मिसाइल हमले के बाद बढ़ते तनाव को देखते हुए अमेरिका, मलेशिया, सिंगापुर और चीन के बाद भारत भी सतर्क हो गया है। सूत्रों के अनुसार, भारतीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने विमानन कंपनियों को एडवाइजरी जारी करते हुए ईरान-इराक और खाड़ी देशों के वायुक्षेत्र के इस्तेमाल से बचने की सलाह दी है।

10:06 AM, 08-Jan-2020

तेहरान में यूक्रेन का विमान दुर्घटनाग्रस्त, 180 यात्रियों की मौत

तेहरान में यूक्रेन का एक यात्री विमान दुर्घटना का शिकार हो गया। इस विमान में 180 यात्री सवार थे। ईरानी मीडिया के हवाले से कहा जा रहा है कि यह दुर्घटना तकनीकी खामी के कारण हुआ है। यूक्रेनी विमान ने इमाम खुमैनी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के प्रवक्ता रजा जाफरजादेह ने बताया कि यह विमान तेहरान के दक्षिण पश्चिमी इलाके में दुर्घटना का शिकार हुआ है। जांचदल और बचाव कर्मी दुर्घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। जानकारी के अनुसार विमान में सवार सभी लोगों की मौत हो गई है।

10:05 AM, 08-Jan-2020

दो घंटों में भूकंप के दो झटकों के दहला ईरान

ईरान के बुशहर इलाके में बुधवार सुबह भूकंप के दो झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.9 और 5.5 मापी गई। अभी तक भूकंप के कारण हुए जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है। बचाव कर्मी और सेना दोनों को अलर्ट कर दिया गया है।

09:54 AM, 08-Jan-2020

अमेरिकी मिसाइल रक्षा प्रणाली ने ईरानी हमले को किया नाकाम

ईराक में तैनात अमेरिकी मिसाइल रक्षा प्रणाली ने ईरान के एक मिसाइल हमले को नाकाम कर दिया है। एंटी मिसाइल ने हवा में ही ईरानी मिसाइल को मार गिराया।

08:36 AM, 08-Jan-2020

ईरानी विदेशमंत्री बोले- आत्मरक्षा के लिए हमला किया

ईरान के विदेश मंत्री जवाद जरीफ ने कहा कि हमने संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अनुच्छेद 51 के तहत आत्मरक्षा के अधिकार के तहत कदम उठाया है। जिसमें  हमारे नागरिकों और वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ कायरतापूर्ण सशस्त्र हमला किया गया। हम युद्ध की संभावनाओं को नहीं बढ़ा रहे हैं।  लेकिन, हम किसी भी आक्रमण के खिलाफ खुद का बचाव करेंगे।
 

 

08:33 AM, 08-Jan-2020

ईरानी हमले के बाद ट्रंप बोले- ऑल इज वेल

ईरानी मिसाइल हमले के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्वीट कर कहा कि ऑल इज वेल (सब ठीक है), हम हताहतों की संख्या और संपत्ति के नुकसान का आकलन कर रहे हैं। हमारे पास दुनिया की सबसे मजबूत सेना है। मैं कल सुबह इस विषय पर बयान दूंगा।
 

08:29 AM, 08-Jan-2020

इस्राइल और सऊदी अरब हाई अलर्ट पर

इस हमले के बाद से इस्राइल और सऊदी अरब अलर्ट पर हैं। ईरान ने इस्राइल के हाइफा शहर और सऊदी अरब पर भी हमले की चेतावनी दी है। इसके बाद से ही दोनों देशों की सेनाएं हाई अलर्ट पर हैं। उधर इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी सैन्य कमांडरों की बैठक बुलाई है। जिसमें सुरक्षा संबंधी चिंताओं पर विचार किया जाएगा।

08:27 AM, 08-Jan-2020

अमेरिका ने ईरान और इराक के ऊपर से हवाई सेवाएं प्रतिबंधित की

ताजा हमले के बाद अमेरिका ने तत्काल प्रभाव से ईरान और इराक के ऊपर से किसी भी अमेरिकी फ्लाइट के गुजरने पर पाबंदी लगा दी है। अमेरिका को आशंका है कि ईरान समर्थित विद्रोही संगठन अमेरिकी हवाई जहाजों को निशाना बना सकते हैं। कुछ दिनों पहले भी अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने चेतावनी जारी करते हुए कहा था कि विद्रोहियों के पास विमान को मार गिराने वाली मिसाइलें हैं। 

08:26 AM, 08-Jan-2020

ट्रंप ने सुलेमानी को बताया राक्षस

वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने सुलेमानी को राक्षस करार दिया। उन्होंने कहा कि उसे सब राक्षस बुलाते थे, वह एक राक्षस था, अब वह राक्षस नहीं रहा, वह मर गया। उन्होंने आगे कहा, 'वह हम पर और दूसरे देशों पर एक बड़े और घातक हमले की योजना बना रहा था। हमने उसे रोक दिया।'

08:26 AM, 08-Jan-2020

अमेरिकी रक्षा सचिव के सहायक ने दी हमले की जानकारी

सार्वजनिक मामलों के लिए अमेरिकी रक्षा सचिव के सहायक जोनाथन हॉफमैन ने बताया कि सात जनवरी को शाम 5.30 बजे (ईएसटी) ईरान ने इराक में अमेरिकी सेना और गठबंधन बलों पर एक दर्जन से ज्यादा बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया। हॉफमैन ने कहा, यह स्पष्ट है कि ये मिसाइलें ईरान ने लॉन्च की थीं और कम से कम दो इराकी सैन्य बेसों अल-असद और इरबिल को निशाना बनाया जहां अमेरिकी सेना और गठबंधन सेना ठहरी है।
 

 

08:15 AM, 08-Jan-2020

ईरान ने दागीं अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइलें, इराक ने की हमले की निंदा

 ईरानी कमांडर जनरल सुलेमानी की हत्या के बाद से ही ईरान ने अपने तेवर सख्त किए हुए हैं। पहले से ही यह आशंका जताई जा रही थी कि ईरान आक्रामक कदम उठा सकता है। ऐसे में अमेरिका भी जवाबी हमला कर सकता है। 
 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें