ईरान में जारी सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बीच सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई ने सरकारी टीवी पर देश को संबोधित किया। उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर तीखा हमला करते हुए उन्हें घमंडी बताया और उनके पतन की बात कही। खामेनेई ने कहा कि ईरान शहीदों के बलिदान से बना है और साजिशों के आगे कभी नहीं झुकेगा।
ईरान में इन दिनों हालात काफी तनावपूर्ण बने हुए हैं। देशभर में सरकार के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। इसी बीच शुक्रवार को ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई का एक भाषण सरकारी टीवी पर दिखाया गया, जिसमें उन्होंने देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों पर बात की। इस दौरान उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर भी तीखा हमला बोला। खामेनेई ने ट्रंप को घमंडी बताते हुए कहा कि एक दिन उनका भी पतन होगा।
खामेनेई ने जनता को दिया संदेश
इस दौरान तेहरान में चल रहे विरोध प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए खामेनेई ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारी अमेरिका के राष्ट्रपति को खुश करने के लिए ऐसा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे ट्रंप को खुश करना चाहते हैं। अगर ट्रंप को किसी देश को चलाना आता, तो पहले अपने देश को ठीक से चलाते। खामेनेई ने यह भी कहा कि अमेरिका के अंदर खुद कई गंभीर समस्याएं हैं, लेकिन इसके बावजूद वह दूसरे देशों के मामलों में दखल देता है।
ईरानी सरकारी टीवी चैनल ने लगाए आरोप
मामले में ईरान के सरकारी टीवी चैनल ने आरोप लगाया कि हिंसा फैलाने के पीछे अमेरिका और इस्राइल से जुड़े आतंकी एजेंट हैं। सरकारी मीडिया के अनुसार, इन्हीं लोगों ने आगजनी की और हालात को बिगाड़ा। टीवी चैनल ने यह भी कहा कि इन घटनाओं में कुछ लोग हताहत हुए हैं, लेकिन कितने लोग घायल या मारे गए, इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई। फिलहाल ईरान में स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है। सरकार सख्ती से हालात को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही है, जबकि आम लोग सड़कों पर उतरकर अपनी नाराज़गी जाहिर कर रहे हैं।
अन्य वीडियो