ईरान की सरकारी मीडिया का कहना है कि ईरान ने एक और विदेशी टैंकर को जब्त कर लिया है। रॉयटर्स ने सरकारी टीवी के हवाले से कहा है कि रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स की नौसेना ने "फारस की खाड़ी में एक विदेशी टैंकर को जब्त कर लिया है, जो कुछ अरब देशों के लिए ईंधन की तस्करी कर रहा था।"
टीवी ने कहा है कि टैंकर में सात लाख लीटर ईंधन था। टैंकर में मौजूद सात नाविकों को भी हिरासत में ले लिया गया है। ये घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब अमेरिका ने ईरान के तेल क्षेत्र पर कड़े प्रतिबंध लगा दिए गए। ये प्रतिबंध अमेरिका ने 2015 के परमाणु समझौते से बाहर आने के बाद दोबारा लागू किए थे।
बीते महीने ईरान ने ब्रिटेन का टैंकर स्टेना इंपीरो भी जब्त कर लिया था। इसे होर्मुज जलडमरूमध्य से जब्त किया गया था। अमेरिका ने भी ओमान में दो तेल टैंकरों पर मई और जून में हुए हमले के लिए ईरान पर आरोप लगाया है, जबकि ईरान ने इन आरोपों को खारिज कर दिया था।