ट्रंप प्रशासन 2018 में एकतरफा फैसला लेते हुए ईरान के साथ हुए परमाणु समझौते से पीछे हट गया था। इसके बाद से अमेरिका ईरान पर कई कड़े प्रतिबंध लगा चुका है। गौरतलब है कि परमाणु हथियार बनाने के लिए यूरेनियम को 90 फीसदी तक संवर्धित करने की जरूरत पड़ती है और 20 फीसदी तक के स्तर पर इसे ले जाना वास्तव में उसी दिशा में कदम है। ईरान इनकार करता है कि वो यूरेनियम संवर्धन परमाणु हथियारों के लिए बढ़ा रहा है।
इस बीच, इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि यूरेनियम संवर्धन को बढ़ाना ईरान का बहुत ही खतरनाक कदम है। नेतन्याहू ने कहा कि यूरेनियम संवर्धन को किसी भी स्तर ले जाने की घोषणा करना संयुक्त सुरक्षा परिषद के तहत किए गए वादों का उल्लंघन है। साथ ही उन्होंने यूरोपीय देशों से ईरान पर कड़े प्रतिबंध लगाने की मांग की है।