जंग के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि ईरान ने युद्धविराम का अनुरोध किया है। ट्रंप ने कहा कि होर्मुज पूरी तरह से खुलने पर ही इस अनुरोध पर विचार किया जाएगा। पढ़िए रिपोर्ट-
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि ईरानी शासन के नए राष्ट्रपति अपने पूर्ववर्तियों की तुलना में कहीं कम कट्टरपंथी और कहीं अधिक बुद्धिमान हैं। उन्होंने अभी-अभी अमेरिका से युद्धविराम का अनुरोध किया है। होर्मुज जलडमरूमध्य के पूरी तरह से खुला, मुक्त और सुरक्षित होने पर ही हम इस पर विचार करेंगे। तब तक हम ईरान को पूरी तरह तबाह कर देंगे या यूं कहें कि उसे पाषाण युग में वापस भेज देंगे।
विज्ञापन
ट्रंप ने कही थी ईरान से बाहर निकलने की बात
इससे पहले, मंगलवार को ट्रंप ने पत्रकारों से बातचीत में कहा था कि अमेरिका जल्द ही ईरान से बाहर निकल आएगा। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, मुझे बस ईरान से निकलना है और हम बहुत जल्द ऐसा करेंगे। इसके बाद वे खुद ही गिर जाएंगे। आज शेयर बाजार लगभग रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया, क्योंकि दो उन्हें दो बातें पता हैं। पहली- हमारा देश सुरक्षित है। हमें थोड़ा रास्ता (तरीका) बदलना पड़ा, क्योंकि हमारे पास खामेनेई नाम का एक पागल व्यक्ति था, जो अब हमारे बीच नहीं है। हमने पहले शासन परिवर्तन कर लिया है। हमने एक शासन को हटाया। फिर दूसरे को हटाया। अब हमारे पास ऐसे लोगों का समूह है, जो बहुत अलग हैं। जो ज्यादा पहुंच में हैं।
कई वर्षों तक परमाणु हथियार नहीं बना पाएगा ईरान: ट्रंप
ट्रंप ने कहा था कि वह बिना किसी समझौते के भी वहां से निकल जाएंगे। उन्होंने कहा, 'नहीं..उन्हें मेरे साथ समझौता करने की जरूरत नहीं है। जब हमें लगेगा कि उन्हें लंबे समय के लिए पाषाण युग में पहुंचा दिया गया है और वे परमाणु हथियार नहीं बना पाएंगे, तब हम वहां से निकल जाएंगे। समझौता हो या न हो, इससे फर्क नहीं पड़ता। हालांकि, संभवना है कि समझौता हो जाएगा, क्योंकि वे समझौता करना चाहते हैं। वे मुझसे ज्यादा समझौते करना चाहते हैं। लेकिन, जल्द यह सब खत्म हो जाएगा। वे कई वर्षों तक परमाणु हथियार नहीं बना पाएंगे।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने नाटो को बताया 'कागज का शेर'
इसके अलावा, ट्रंप ने बुधवार को यह भी कहा कि वह उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) से अमेरिका को बाहर निकालने पर गहराई से विचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा, नाटो ईरान के खिलाफ युद्ध में शामिल नहीं हुआ। ट्रंप ने नाटो को 'कागजी शेर' करार दिया। टेलीग्राफ के साथ इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा, 'यह गठबंधन (नाटो) एक कागजी शेर है और ब्रिटेन के पास नौसेना तक नहीं है।'