ब्रिटिश तेल टैंकर के पकड़े जाने के बाद खाड़ी क्षेत्र में तनाव बढ़ता जा रहा है। ईरान ने तेल टैंकर को छोड़ने की ब्रिटेन की अपील को नजरंदाज कर दिया है। रविवार को ईरान की सेना ने तेल टैंकर ‘स्टेना इमपेरो’ को पकड़े जाने का एक वीडियो जारी किया। इसमें देखा जा सकता है कि किस तरह ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने शुक्रवार को होर्मुज जलडमरूमध्य में तेल टैंकर को चारों तरफ से घेरकर उस पर कब्जा किया था। इसके बाद ब्रिटेन, अमेरिका और यूरोपीय देशों ने ईरान से टैंकर को छोड़ने के लिए कहा था।
ईरान का आरोप है कि स्टेना इमपेरो ने अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन किया था, जिसके बाद उसे कब्जे में लिया गया। हालांकि, ब्रिटेन ने ईरान के इस दावे का खंडन किया है। ब्रिटिश विदेश मंत्री जेरेमी हंट ने कहा कि टैंकर को ओमान के जलमार्ग से जब्त किया गया। रविवार को जारी इस वीडियो में ईरानी सैनिकों को ब्लैक मास्क में हेलीकॉप्टर से टैंकर पर उतरते और उस पर कब्जा करते देखा जा सकता है।
टैंकर को चार नौकाओं ने घेर रखा था। इस टैंकर पर कुल 23 क्रू मेंबर सवार थे। इनमें 18 भारतीयों के अलावा रूस, लातविया और फिलीपींस के नागरिक भी शामिल हैं। इस महीने की शुरुआत में ब्रिटिश रॉयल मरीन ने यूरोपीय कानून तोड़ने के आरोप में ईरान के एक टैंकर ‘ग्रेस’ को जिब्राल्टर से जब्त कर लिया था। इसके बाद ईरान ने भी ब्रिटेन को उसका तेल टैंकर जब्त करने की धमकी दी थी।