रूस ने यूक्रेन के शहरों पर एक दिन में दागीं 23 मिसाइलें, 25 की मौत
रूस ने शुक्रवार को यूक्रेन पर एक के बाद एक 23 मिसाइलों और दो ड्रोन से हमला किया। राजधानी कीव और निप्रो समेत देश के कई शहर धमाकों से दहल उठे। इन हमलों में तीन बच्चों समेत 25 लोगों की मौत हो गई। अकेले उमान शहर में एक नौ मंजिला इमारत पर हुए मिसाइल हमले में 17 लोगों की मौत हुई। 9 लोग घायल हैं। इस बीच, यूक्रेनी वायुसेना ने दावा किया कि उसने रूस की 11 मिसाइलों और दो ड्रोन को कीव के आसमान में नष्ट किया है। इंटरफैक्स ने बताया कि रूसी मिसाइलों ने रिहायशी इलाकों की ऊंची इमारतों और अन्य घरों को निशाना बनाया।
भारत आर्थिक दृष्टि से इतिहास के सबसे असाधारण दशक के कगार पर : ब्रिटेन
ब्रिटेन के निवेश मंत्री लॉर्ड डोमिनिक जॉनसन ने कहा कि भारत आर्थिक दृष्टि से दुनिया के इतिहास में किसी भी देश के सबसे असाधारण दशक के कगार पर है। उन्होंने शुक्रवार को यह बात पुणे में नए ब्रिटिश व्यापार कार्यालय का उद्घाटन समारोह में कही। जॉनसन नेकहा कि वह ब्रिटेन में निवेश करने के लिए भारतीय कारोबारियों के बीच देखे जा रहे आशावाद से उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि इस समय भारत आर्थिक दृष्टि से दुनिया के इतिहास में किसी भी देश के सबसे असाधारण दशक के कगार पर है लेकिन आपको पूंजी, बहुत अधिक तरलता की आवश्यकता होगी और यह ब्रिटेन मुहैया करा सकता है।
भारतीय समुदाय, अमेरिकी कांग्रेस ने मजबूत किए द्विपक्षीय संबंध : संधू
अमेरिका में भारतीय राजदूत तरणजीत सिंह संधू ने कहा है कि भारतीय समुदाय और अमेरिकी कांग्रेस ने दोनों देशों के बीच संबंध बनाने और उन्हें मजबूत करने में ‘अहम भूमिका’ निभाई है। अमेरिकी संसद भवन में ‘इंडिया एडवोकेसी डे’ के दौरान 70 से अधिक सांसदों से बात की गई और इनमें से दर्जन भर से अधिक सांसदों ने स्वागत समारोह में समुदाय के सदस्यों को संबोधित किया। संधु ने एक गैरलाभकारी संस्था ‘फाउंडेशन फॉर इंडिया एंड इंडियन डायस्पोरा स्टडीज’ द्वारा आयोजित समारोह में कहा, यह देखना दिलचस्प है कि पूरा भारतीय अमेरिकी समुदाय कैपिटल हिल में बहुत सक्रिय है। संस्था के निदेशक खंडेराव कंद ने कहा, 45 लाख की आबादी वाले भारतीय-अमेरिकियों ने प्रौद्योगिकी, होटल, परिवहन, वित्त समेत विविध क्षेत्रों में सीधे योगदान के जरिए स्वयं को स्थापित किया है।