अमेरिका से परमाणु वार्ता को लेकर चल रहे तनाव के बीच ईरान ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि वह यूरेनियम संवर्धन नहीं रोकेगा। विदेश मंत्री अराघची ने कहा कि समझौता हो या नहीं, संवर्धन जारी रहेगा।
ईरान और अमेरिका के बीच परमाणु कार्यक्रम को लेकर चल रही बातचीत के बीच ईरान ने अपना सख्त रुख दोहराया है। बुधवार को ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि हम यूरेनियम संवर्धन कभी नहीं रोकेंगे, चाहे समझौता हो या नहीं। बता दें कि अराघची यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच नए दौर की अप्रत्यक्ष वार्ता की तैयारी हो रही है।अब तक कई दौर की बातचीत हो चुकी है लेकिन कोई ठोस समझौता नहीं हुआ है। मामले में अमेरिका चाहता है कि ईरान यूरेनियम संवर्धन पूरी तरह छोड़ दे, लेकिन ईरान इसे अपना अधिकार मानता है।
'ईरान बातचीत में हिस्सा लेगा या नहीं इसपर हो रहा विचार'
अराघची ने कहा कि उनकी सरकार अगले दौर की बातचीत में हिस्सा लेगी या नहीं, इस पर विचार कर रही है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को रोम में ईरान और अमेरिका की पांचवें दौर की अप्रत्यक्ष बातचीत हो सकती है, हालांकि दोनों देशों ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। हालांकि ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने भी एक दिन पहले कहा था कि उन्हें नहीं लगता कि अमेरिका से चल रही परमाणु बातचीत का कोई ठोस नतीजा निकलेगा।
इस बीच अमेरिका और इस्राइल बार-बार ईरान पर दबाव बना रहे हैं। ट्रंप ने धमकी दी है कि अगर समझौता नहीं होता, तो ईरान के परमाणु ठिकानों पर सैन्य कार्रवाई हो सकती है। वहीं, इस्राइल ने भी एकतरफा हमले की चेतावनी दी है, जिससे पहले से तनावग्रस्त मीडिल ईस्ट में हालात और बिगड़ सकते हैं।