नेशनल काउंसिल ऑफ साइंस म्यूजियम्स (एनसीएसएम) ने सोमवार को बताया कि इस महीने की शुरुआत में थाईलैंड में आयोजित 'जूनियर्स के लिए खगोल विज्ञान और खगोल भौतिकी पर पांचवें अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड' (आईओएए-जूनियर) में भारतीय छात्रों ने दो स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक जीता है। थाईलैंड के उबोन रत्चाथानी में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पांच सदस्यीय भारतीय दल ने 25 देशों के प्रतिभागियों के साथ मुकाबला किया।
दो छात्रों ने जीते स्वर्ण, दो को रजत और एक को कांस्य पदक
पुडुचेरी के आदित्य विद्याश्रम रेजिडेंशियल स्कूल के सिद्धार्थ लक्षमीशा और गुजरात के स्कूल ऑफ एक्सीलेंस की स्वरा सृजल पटेल ने स्वर्ण पदक जीते। वहीं, राजस्थान के कोटा स्थित मां भारती सीनियर सेकेंडरी स्कूल की आरना चापलोट और बागर स्थित केएस इंटरनेशनल एकेडमी के कृष्ण भास्कर ने रजत पदक हासिल किए। महाराष्ट्र के लॉर्ड्स पब्लिक स्कूल की अक्षरा गुलाब अंबोने ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
छात्रों की मेहनत और वैज्ञानिक सोच का मिला परिणाम
एनसीएसएम के महानिदेशक के. एस. मुरली ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय आयोजन में दो स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक जीतना छात्रों के समर्पण, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और दृढ़ता को दर्शाता है।' रजत पदक जीतने वाले कृष्ण भास्कर ने पीटीआई को बताया कि वह खगोल भौतिकीविद् बनना चाहते हैं। उन्होंने कहा, 'यह एक यादगार अनुभव था... दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से आए छात्रों के साथ बातचीत करना बहुत अच्छा रहा। हमें लगा जैसे हम एक ही परिवार हैं।'
25 देशों के 104 छात्रों ने लिया प्रतियोगिता में हिस्सा
1 से 8 नवंबर के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में 25 देशों के 104 छात्रों ने हिस्सा लिया, जिनके साथ 53 टीम लीडर और पर्यवेक्षक भी मौजूद थे। संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत काम करने वाली संस्था एनसीएसएम ने भारतीय दल की भागीदारी में मदद की। साथ ही, अपने 'जूनियर एस्ट्रोनॉमी ओलंपियाड' कार्यक्रम के जरिए छात्रों के चयन और उनकी तैयारी की जिम्मेदारी भी एनसीएसएम ने ही निभाई थी।
ये भी पढ़ें:
चीन के बनाए बांध से पाकिस्तान में तबाही: खैबर पख्तूनख्वा में जलप्रलय की स्थिति; सुरंग में भरा पानी, काम बंद
प्रतियोगिता से पहले छात्रों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण
एनसीएसएम के महानिदेशक मुरली ने बताया कि चुने गए 25 छात्रों को पिछले महीने सैद्धांतिक और अवलोकन संबंधी खगोल विज्ञान, समस्या समाधान और रात के आकाश के अवलोकन का प्रशिक्षण दिया गया था। एनसीएसएम अपने विज्ञान संग्रहालयों में 'एस्ट्रोनॉमी एजुकेशन सेंटर' भी चलाता है, जिनका उद्देश्य तारामंडलों, प्रदर्शनियों, आकाश के अवलोकन और व्याख्यानों के माध्यम से खगोल विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।