फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इंडोनेशिया: भूस्खलन-बाढ़ की घटनाओं में मृतकों की संख्या हुई 140, दर्जनों लापता

Wed, 07 Apr 2021 11:09 PM IST
गौरव पाण्डेय पीटीआई, लेम्बाता
विज्ञापन
इंडोनेशिया में भूस्खलन - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

पूर्वी इंडोनेशिया में भूस्खलन और बाढ़ की घटनाओं में मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 140 पहुंच गई है, जबकि दर्जनों लोग अब भी लापता हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संबंधित क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है जिससे खोज अभियान में बाधा पहुंच रही है।

विज्ञापन


अदोनारा द्वीप के ईस्ट फ्लोरेस जिले में सर्वाधिक जनहानि हुई है, जहां अब तक 67 शव बरामद हो चुके हैं और छह लोग अभी भी लापता हैं। इस क्षेत्र में हुई घटना में रविवार सुबह पास की पहाड़ियों से मलबा गिर पड़ा था जिसकी चपेट में कई लोग आ गए थे। हादसे के समय ये लोग सोए हुए थे। 

बाढ़-भूस्खलन के साथ ज्वालामुखी के लावा का भी संकट
रात भर हुई बारिश के चलते नदियों के तट टूट गए और अचानक आई बाढ़ में कई लोग बह गए। इंडानेशिया की राष्ट्रीय आपदा मोचन इकाई के अनुसार, पास के लेम्बाता द्वीप पर चक्रवात 'सेरोजा' की वजह से हुई बारिश के कारण नवंबर में फटे एक ज्वालामुखी के लावा के प्रवाह में तेजी आ गई।
विज्ञापन


इसकी चपेट में एक दर्जन से अधिक गांव आ गए। इस घटना में कम से कम 32 लोगों की मौत हो गई और 35 अन्य के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है। सैकड़ों सुरक्षाकर्मी और आम लोग इस उम्मीद के साथ मलबे में लोगों की तलाश करने में लगे हैं कि शायद कहीं कोई व्यक्ति जीवित मिल जाए।

शुक्रवार तक खराब रहेगा मौसम, बचाव कार्य में समस्या
बता दें कि यहां मौसम के कम से कम शुक्रवार तक खराब रहने का पूर्वानुमान है और तूफान दक्षिण में ऑस्ट्रेलिया की तरफ बढ़ गया है। लगातार जारी बारिश और प्रभावित क्षेत्रों के दूर-दराज में होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में बाधा आ रही है। अनेक स्थानों पर सड़कें व पुल नष्ट हो गए हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें