Nikita Godishala Murder: अमेरिका के मैरीलैंड राज्य में 27 वर्षीय भारतीय युवती निकिता गोदिशाला की चाकू से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस का आरोप है कि निकिता के पूर्व प्रेमी अर्जुन शर्मा ने घटना को अंजाम दिया।
अमेरिका के मैरीलैंड राज्य में 27 वर्षीय भारतीय युवती निकिता गोदिशाला की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस का आरोप है कि इस वारदात को निकिता के पूर्व प्रेमी अर्जुन शर्मा ने अंजाम दिया और इसके बाद वह भारत फरार हो गया।
विज्ञापन
कैसे सामने आया पूरा मामला?
हावर्ड काउंटी पुलिस के मुताबिक, निकिता गोदिशाला एलिकॉट सिटी की रहने वाली थीं और 2 जनवरी को उनके लापता होने की सूचना दी गई थी। जांच के दौरान पुलिस को निकिता का शव कोलंबिया, मैरीलैंड में स्थित अर्जुन शर्मा के अपार्टमेंट से बरामद हुआ। शव पर चाकू से किए गए कई वार के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरी हो गई।
पूर्व प्रेमी ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट
चौंकाने वाली बात यह है कि निकिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट खुद अर्जुन शर्मा ने ही दर्ज कराई थी। उसने पुलिस को बताया था कि उसने आखिरी बार 31 दिसंबर की शाम को निकिता को अपने अपार्टमेंट में देखा था। हालांकि, पुलिस जांच में सामने आया कि 2 जनवरी को रिपोर्ट दर्ज कराने के तुरंत बाद अर्जुन अमेरिका छोड़कर भारत के लिए रवाना हो गया। इससे उस पर शक और पुख्ता हो गया।
विज्ञापन
जांचकर्ताओं का मानना है कि 31 दिसंबर की शाम करीब 7 बजे के बाद निकिता की हत्या की गई। पुलिस ने अर्जुन शर्मा के खिलाफ प्रथम और द्वितीय श्रेणी की हत्या के आरोप में गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया है। आरोपी की तलाश के लिए अमेरिकी संघीय एजेंसियों के साथ समन्वय किया जा रहा है।
भारतीय दूतावास परिवार के संपर्क में
इस मामले पर वाशिंगटन डीसी स्थित भारतीय दूतावास ने बयान जारी कर कहा है कि वह निकिता के परिवार के संपर्क में है और उन्हें हर संभव कांसुलर सहायता दी जा रही है। दूतावास स्थानीय अमेरिकी अधिकारियों के साथ भी लगातार संपर्क बनाए हुए है। फिलहाल हत्या के पीछे की असली वजह सामने नहीं आ पाई है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और आरोपी को जल्द पकड़ने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।