प्रेमी से मिलने पाकिस्तान पहुंच गई अंजू
- फोटो : अमर उजाला
एक तरफ भारत में पाकिस्तान से आई सीमा हैदर की खूब चर्चा हो रही है। वहीं दूसरी ओर भारत की अंजू अपने प्रेमी से मिलने पाकिस्तान चली गई। वहीं पाकिस्तानी मीडिया में दावा किया जा रहा है भारतीय महिला अंजू ने पाकिस्तान के नसरुल्लाह से निकाह कर लिया है। दोनों को लेकर एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें अंजू और नसरुल्लाह एक कोर्ट के बाहर दिखाई दे रहे हैं। जिसको लेकर दावा किया जा रहा है कि अंजू ने नसरुल्लाह के साथ कोर्ट मैरिज कर ली है। हालांकि 'अमर उजाला' से बातचीत के दौरान अंजू ने निकाह के दावों को सिरे से खारिज कर दिया।
अदालत में नसरुल्ला के परिवार के सदस्य भी आए थे साथ
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि नसरुल्लाह और अंजू कड़ी सुरक्षा के बीच अदालत आए थे। ऊपरी दीर जिले के मोहर्रर सिटी पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारी मुहम्मद वहाब ने पीटीआई से बातचीत की। उन्होंने बताया कि नसरुल्ला और अंजू की शादी आज संपन्न हुई और अंजू ने इस्लाम अपना लिया है जिसके बाद दोनों का निकाह हुआ। पुलिस के मुताबिक अंजू और नसरुल्ला अपने परिवार के सदस्यों, पुलिस कर्मियों और वकीलों की मौजूदगी में ऊपरी दीर की अदालत में पेश हुए।
अंजू बनी फातिमा
पीटीआई के मुताबिक, मलकंद डिवीजन के उप महानिरीक्षक नासिर महमूद सत्ती ने निकाह का दावा किया और कहा कि भारतीय महिला अंजू को इस्लाम में परिवर्तित होने के बाद फातिमा नाम दिया गया है। वहीं एक रिपोर्ट के मुताबिक अदालत में दोनों के बयान दर्ज कराए गए हैं, उन्होंने अपनी मर्जी से निकाह पर हस्ताक्षर किए हैं। भारतीय महिला ने अदालत को बताया कि वह स्वेच्छा से पाकिस्तान आई है और यहां बहुत खुश है। वहीं, अंजू और नसरुल्लाह का सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी जारी किया गया है, जिसमें दोनों पहाड़ों, सड़कों औ रहरे-भरे बगीचे में बैठे और हाथ पकड़े नजर आ रहे हैं।
अमर उजाला से बातचीत में अंजू बोली- सब अफवाह है
मामले की तह तक पहुंचने और पूरे घटनाक्रम का पता लगाने के लिए "अमर उजाला" संवाददाता ने अंजू राफेल से फोन पर बातचीत कर सच्चाई जानने का प्रयास किया। अंजू से व्हाट्सएप कॉलिंग के जरिए बातचीत हुई। अंजू ने कहा "मैंने किसी ने कोई निकाह नहीं किया है। धर्म परिवर्तन करने और नाम फातिमा रखने की खबरें भी अफवाह हैं। अंजू ने कहा मैं वापस आने के तैयारी में लगी हुई हूं।
बच्चों से मिलूंगी
अमर उजाला से बातचीत में अंजू ने कहा कि कल तक मुझे वापस पाकिस्तान से भारत के लिए रवाना होना है। परसों तक मैं पहुंच जाऊंगी और अपने बच्चों से मिलूंगी। पाकिस्तान में नसरुल्लाह से निकाह की सूचना को अंजू ने गलत बताते हुए कहा कि लोग मेरे बारे में फेक सूचनाएं फैला रहे हैं। इस्लाम कबूल करना, निकाह करना मेरे लिए इतना आसान नहीं है।