अमेरिका के लिथोनिया शहर के जॉर्जिया में एक बेघर नशेड़ी ने एक 25 वर्षीय भारतीय छात्र की पीट-पीटकर हत्या कर दी। दरअसल, छात्र पिछले कुछ दिनों से उस बेघर नशेड़ी की मदद कर रहा था। हत्या की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
भारतीय छात्र की हत्या
सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि आरोपी जुलियन फॉकनर ने मृतक विवेक सैनी के सिर पर हथौड़े से करीब 50 बार बेरहमी से वार किया था। मृतक एक स्टोर में क्लर्क के तौर पर काम करता था, जहां वह उस बेघर नशेड़ी को पिछले दो दिनों से चिप्स, कोक, पानी और जैकेट देकर मदद करता था। सुरक्षा को देखते हुए मृतक ने आरोपी को स्टोर से चले जाने के लिए कहा था। इसे लेकर 16 जनवरी को आरोपी ने मृतक पर हमला कर दिया।
घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने शव के पास ही फॉकनर को पाया। भारतीय छात्र विवेक सैनी दो साल पहले ही बीटेक की पढ़ाई पूरी करने के बाद अमेरिका आया था। उसने हाल ही में बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में मास्टर की डिग्री पूरी की। उसके परिजनों ने बताया कि वह एक होनहार छात्र था।
अटलांटा में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने जताया दुख
अमेरिका के लिथोनिया शहर के जॉर्जिया में भारतीय छात्र विवेक सैनी के हत्यारे जूलियन फॉकनर को गिरफ्तार कर लिया गया है। अटलांटा में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने सोमवार को एक पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी है। दूतावास ने अपनी एक्स पर की गई अपनी पोस्ट में लिखा, 'हम उस भयानक, क्रूर और जघन्य घटना से बहुत दुखी हैं। हम कड़े शब्दों में हमले की निंदा करते हैं। अमेरिकी अधिकारियों ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच कर रहे हैं।'
उन्होंने यह भी बताया कि घटना के तुरंत बाद वाणिज्य दूतावास ने सैनी के परिवार से संपर्क किया था। इतना ही नहीं पार्थिव शरीर को भारत वापस भेजने में भी वाणिज्य दूतावास सहायता दी। उन्होंने कहा कि हम अभी भी सैनी के परिवार के संपर्क में हैं। गौरतलब है कि विवेक सैनी मूल रूप से हरियाणा का रहने वाले थे। उनके माता-पिता, गुरजीत सिंह और ललिता सैनी सदमे में हैं।