अमेरिका में नफरत से जुड़ी हिंसा का एक और मामला सामने आया है। न्यूयॉर्क के जॉन एफ कैनेडी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भारतीय मूल के एक सिख टैक्सी ड्राइवर के साथ बदसलूकी की गई। अज्ञात हमलावर ने टैक्सी ड्राइवर की पगड़ी तक उछाल दी। घटना का वीडियो वायरल हुआ है।
नवजोत पाल कौर द्वारा ट्विटर पर अपलोड किए गए वीडियो में यह घटना 4 जनवरी की बताई गई है। इसमें एक व्यक्ति एयरपोर्ट के बाहर एक व्यक्ति एक सिख टैक्सी चालक पर हमला करता दिखाई दे रहा है। नवजोत ने बताया कि यह वीडियो एयरपोर्ट के बाहर खड़े एक व्यक्ति ने रिकॉर्ड किया था।
वीडियो में एक हमलावर सिख टैक्सी चालक को अपशब्द कहता है और उसे घूंसे मारता है। वह उसकी पगड़ी भी उतार देता है। नवजोत ने कहा कि वह इस तथ्य को उजागर करना चाहती है कि समाज में नफरत कायम है। दुर्भाग्य से मैंने सिख कैब ड्राइवरों को बार-बार मारपीट के शिकार होते देखा है। हालांकि घटना या कैब चालक के बारे में ज्यादा जानकारी अभी नहीं मिली है।
सिख समुदाय में रोष
इस घटना को लेकर सिख समुदाय में रोष है। एस्पेन इंस्टीट्यूट के इनक्लूसिव अमेरिका प्रोजेक्ट के लेखक और निदेशक सिमरन जीत सिंह ने ट्वीट किया, 'यह देखना कितना दर्दनाक है कि हमारे पिता समान लोगों पर हमला किया जाता है, जबकि वे सिर्फ एक ईमानदार जीवन जीने की कोशिश कर रहे हैं। जो सिख नहीं हैं, उनके लिए शब्दों में बयां नहीं कर सकता कि पगड़ी उछलने से कितनी पीड़ा होती है।'
नेशनल सिख कैंपेंन ने कहा कि अभी नया साल शुरू ही हुआ है और नफरभरी हिंसा का दौर शुरू हो गया है। अमेरिका में यह पहला मौका नहीं है, जब ऐसा हमला हुआ है। इससे पहले एक भारतीय मूल के सिख उबर कार ड्राइवर के साथ 2019 में वॉशिंगटन में मारपीट और नस्लीय दुर्व्यवहार किया गया था। इससे पहले 2017 में न्यूयॉर्क में एक 25 वर्षीय सिख कैब ड्राइवर के साथ मारपीट की गई थी। नशे में धुत यात्रियों ने उसकी पगड़ी उतार दी थी।