दुनियाभर में कोरोनावायरस के मामलों में कुछ कमी दर्ज की गई है। अमेरिका ने भी कोरोना पर नियंत्रण हासिल कर लिया है। इस बीच व्हाइट हाउस ने गुरुवार को एलान किया कि भारतीय-अमेरिकी लोक स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. आशीष झा अगले महीने राष्ट्रपति जो बाइडन के कोविड-19 प्रतिक्रिया समन्वयक का पद संभालेंगे। व्हाइट हाउस ने कहा है कि बाइडन के कोविड-19 समन्वयक जेफ जेंट्स और उप समन्वयक नताली क्विलियन अगले महीने प्रशासन छोड़ रहे हैं।
झा की नियुक्ति की घोषणा करते हुए बाइडन के बयान में अमेरिका में प्रमुख लोक स्वास्थ्य विशेषज्ञों में से एक के रूप में उनके कार्यों की प्रशंसा की गई। झा ब्राउन यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ के डीन हैं। बाइडन ने कहा, ‘‘जैसा कि हम महामारी के एक नए दौर में प्रवेश कर रहे हैं कोविड-19 तैयारी की मेरी योजना पर अमल करने और कोविड से जोखिमों का प्रबंधन करने में डॉ. झा नौकरी के लिए एकदम सही व्यक्ति हैं।’’
राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘मैं जेफ जेंट्स और डॉ. झा दोनों की सराहना करता हूं कि उन्होंने एक सहज बदलाव सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम किया और मैं आने वाले महीनों में निरंतर प्रगति की आशा करता हूं।’’ बाइडन ने कहा कि अमेरिका कोविड से निपटने के वैश्विक प्रयास का नेतृत्व कर रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘अमेरिकी किसी भी देश की तुलना में अन्य देशों को अधिक मुफ्त टीके पहुंचा रहा है।’’
गौरतलब है कि महामारी से अमेरिका सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिसिन के आंकड़ों के मुताबिक अमेरिका में संक्रमण से 9,68,300 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है और 79,631,000 से अधिक मामले आ चुके हैं।
कौन हैं आशीष झा?
- डॉ. झा भारतीय मूल के अमेरिकी चिकित्सक है। मूल रूप से वे बिहार से संबंध रखते हैं। यहीं इनका जन्म हुआ था। बाइडन ने उन्हें नियुक्त करते हुए कहा था कि वे यह घोषणा करते हुए काफी उत्साहित हैं।
- डॉ. झा अमेरिका के प्रमुख सार्वजनिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों में से एक हैं। वे मैनेजमेंट एडवाइजर और राष्ट्रपति के पूर्व चीफ इकनॉमिक एडवाइजर जेफ जेंट्स की जगह लेंगे।
- डॉ. झा को संक्रामक रोगों विशेषज्ञता हासिल है। फरवरी 2020 में उन्हें यूनिवर्सिटी स्कूल आफ पब्लिक हेल्थ का प्रमुख नियुक्त किया गया था।
- डॉ. झा बिहार से अपने माता-पिता के साथ पहले कनाडा और फिर अमेरिका चले गए थे। वहां पर उन्होंने कोलंबिया यूनिवर्सिटी से इकनॉमिक्स में बीए किया और बाद में हार्वर्ड मेडिकल स्कूल से एमडी किया।