भारत और नेपाल के अधिकारियों ने सोमवार को वर्चुअल बैठक कर द्विपक्षीय आर्थिक एजेंडे पर हुई प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान व्यापार पारगमन की संधियों का मूल्यांकन किया गया और व्यापार व वाणिज्यिक संबंधों को और बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा हुई।
भारत-नेपाल के वाणिज्य सचिवों ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अनधिकृत व्यापार को नियंत्रित करने के लिए व्यापार, पारगमन और सहयोग पर अंतर-सरकारी समिति की बैठक की सह-अध्यक्षता की।
इस दौरान भारत के वाणिज्य सचिव अनूप वधावन के साथ नेपाल में भारतीय राजदूत विनय मोहन क्वात्रा के साथ एक 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल शामिल रहा। वहीं नेपाल की ओर से वाणिज्य सचिव बैकुंठ अरयाल और विभिन्न मंत्रालयों के अधिकारी शामिल हुए। यह बैठक नेपाल के विदेश मंत्री प्रदीप ज्ञावली की दिसंबर में प्रस्तावित भारत यात्रा से ठीक पहले हुई है।
वह दोनों देशों के बीच सीमा विवाद को लेकर हुए मनमुटाव को दूर करने और कोरोना महामारी पर चर्चा के लिए भारत आ रहे हैं। उम्मीद है कि ज्ञावली के दौरे से दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध और बेहतर होंगे।