तजाकिस्तान में भारतीय राजदूत विराज सिंह ने शनिवार को 50 बिस्तरों वाला भारत-तजाकिस्तान मैत्री अस्पताल (आईटीएफएच) ताजिकिस्तान के उप रक्षा मंत्री मेजर जनरल शोहियोन अब्दुसोत्तोर को सौंप दिया। उन्होंने अस्पताल में ऑपरेशन थियेटर, एक्स-रे मशीन, प्रयोगशालाओं, क्रिटिकल केयर एम्बुलेंस और प्रशासनिक वाहनों सहित चिकित्सा उपकरण, दवाएं, स्टोर और सहायक उपकरण तजाकिस्तान पक्ष को सौंप दिया।
मार्च 2018 में, भारत ने ताजिकिस्तान के विभिन्न क्षेत्रों में 10 एम्बुलेंस उपहार में दीं। मई 2020 में कोरोना के समय भारत ने ताजिकिस्तान को 50,000 हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन टैबलेट और एक लाख पैरासिटामोल टैबलेट प्रदान किए। 2021 में, ताजिकिस्तान को लगभग सात लाख 'मेड इन इंडिया' कोविशील्ड टीकों की आपूर्ति की गई।
बयान में कहा गया है कि दूतावास को पूरा भरोसा है और उम्मीद है कि ताजिक पक्ष भारत द्वारा सृजित क्षमताओं के साथ अस्पताल को प्रभावी ढंग और कुशलता से चलाना जारी रखेगा। आईटीएफएच भारत और ताजिकिस्तान के बीच घनिष्ठ और मैत्रीपूर्ण संबंधों का प्रतीक बना रहेगा।