Iran: तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने कहा है कि ईरान-इस्राइल संघर्षविराम के बाद निकासी अभियान धीरे-धीरे बंद किया जा रहा है और हेल्प डेस्क भी बंद कर दी गई है। हालांकि, स्थिति पर नजर बनी हुई है और जरूरत पड़ने पर रणनीति की फिर समीक्षा होगी।
तेहरान में स्थित भारतीय दूतावास ने मंगलवार को कहा कि इस्राइल और ईरान में संघर्षविराम की घोषणा हो चुकी है, इसलिए दूतावास शुरू किए गए निकासी अभियान धीरे-धीरे बंद कर रहा है। इसी कारण दूतावास ने हेल्प डेस्क भी बंद कर दिया है। इसे निकासी के लिए नए लोगों के नाम दर्ज करने के लिए मकसद से खोला गया था। दूतावास ने कहा कि भारत सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और अगर भविष्य में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को कोई खतरा दोबारा पैदा होता है, तो वह अपनी रणनीति की फिर समीक्षा करेगी।
दूतावास ने जानकारी दी कि सदर होटल में जो कमरे बुक किए गए थे, उन्हें दो और रातों के लिए बरकरार रखा जाएग यानी 26 जून की चेकआउट समय तक। इसका मकसद यह है कि भारतीय नागरिक खुद यह सुनिश्चित कर सकें कि ईरान में सुरक्षा स्थिति वास्तव में सामान्य हो रही है। अगर किसी भारतीय नागरिक को कोई सलाह, सहायता या कोई विशेष जरूरत हो, तो वे पहले से जारी किए गए टेलीग्राम चैनल या हेल्पलाइन नंबरों के जरिए दूतावास से संपर्क कर सकते हैं। दूतावास ने बताया है कि ये हेल्फलाइन नंबर आने वाले कुछ दिनों तक खुले रहेंगे।
विज्ञापन
विदेश मंत्रालय ने भी जारी किया बयान
इससे पहले, पश्चिम एशिया के घटनाक्रम पर विदेश मंत्रालय (एमईए) ने भी बयान जारी किया। मंत्रालय ने कहा, भारत सरकार ने ईरान और इस्राइल के बीच जारी संघर्ष के साथ-साथ अमेरिका की ओर से तेहरान के परमाणु ठिकानों पर किए गए हमलों और उसके जवाब में ईरान की ओर से कतर में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर किए गए हमलों की घटनाओं पर रातभर नजर बनाए रखी। मंत्रालय ने कहा, हम इस पूरे क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त करते हैं, लेकिन साथ ही हम ईरान और इस्राइल के बीच संघर्षविराम की खबरों और इस दिशा में अमेरिका और कतर की ओर से निभाई गई भूमिका का स्वागत करते हैं।
मंत्रालय ने कहा, हम दोहराते हैं कि इस क्षेत्र में जारी संघर्षों का समाधान केवल बातचीत और कूटनीति के जरिए ही संभव है। भारत इस दिशा में हरसंभव सहयोग देने को तैयार है और उम्मीद करता है कि सभी पक्ष मिलकर इस क्षेत्र में लंबे समय तक शांति और स्थिरता की दिशा में काम करेंगे।