अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन की टीम में भारतीय मूल की एक और महिला को जगह मिली है। बाइडन ने शुक्रवार को घोषणा की कि भारतीय-अमेरिकी नीरा टंडन निवर्तमान सलाहकार सुसान राइस की जगह उनकी घरेलू नीति परिषद के अगले प्रमुख के रूप में काम करेंगी। बाइडेन के इस फैसले के बाद नीरा टंडन व्हाइट हाउस सलाहकार परिषद का नेतृत्व करने वाली पहली एशियाई-अमेरिकी बन गई हैं।
इससे पहले, नीरा टंडन व्हाइट हाउस में स्टाफ सचिव के रूप में काम चुकी हैं। नीरा तब इस पद पर आसीन होने वाली पहली भारतीय-अमेरिकी बनी थीं। उन्होंने राष्ट्रपति बाइडन की वरिष्ठ सलाहकार के रूप में भी काम किया है। टंडन ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के कार्यकाल में व्हाइट हाउस में घरेलू नीति की सहायक निदेशक और प्रथम महिला की वरिष्ठ नीति सलाहकार के रूप में अपना करियर शुरू किया था। इसके अलावा टंडन अमेरिका स्वास्थ्य एवं मानव सेवा मंत्रालय में स्वास्थ्य सुधारों की वरिष्ठ सलाहकार रह चुकी हैं। उन्होंने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के कार्यकाल में अफोर्डेबल केयर एक्ट के कुछ विशेष प्रावधानों पर कांग्रेस और हितधारकों के साथ मिलकर काम किया था।
दो दशकों से अधिक का अनुभव
टंडन के पास नीति और प्रबंधन में दो दशकों से अधिक का अनुभव है जो कि व्हाइट हाउस में नीति को और मजबूत करने का काम करेगा। घरेलू, आर्थिक और राष्ट्रीय सुरक्षा नीति में उनका अनुभव इस नई भूमिका में एक महत्वपूर्ण संपत्ति होगी। व्हाइट हाउस के स्टाफ सचिव के रूप में टंडन की नियुक्ति आठ महीने बाद हुई जब उन्होंने रिपब्लिकन सीनेटरों के कड़े विरोध के कारण व्हाइट हाउस ऑफिस ऑफ मैनेजमेंट एंड बजट के निदेशक के रूप में अपना नामांकन वापस ले लिया।
राजनीतिक हस्तक्षेप पर कनाडा ने चीनी राजदूत को किया समन
उधर, कनाडा ने राजनीतिक हस्तक्षेप और धमकी के आरोपों को लेकर चीन के राजदूत कांग पीवू को समन किया है। विदेश मंत्री मेलानी जोली ने कहा कि कनाडा चीन के खिलाफ कार्रवाई करने पर विचार कर रहा है और राजनयिक निष्कासन सहित सभी विकल्प मौजूद हैं। वहीं, चीन के राजदूत कांग ने आरोपों को खारिज किया है। चोंग अब चीन के खिलाफ आरोपों के केंद्र में है। चोंग को कथित तौर पर बीजिंग की ओर से उत्पीड़न के लिए निशाना बनाया गया था और उन्होंने प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की सरकार की सुस्त प्रतिक्रिया की जमकर आलोचना की।
नॉर्थ कैरोलिना विवि बोर्ड ऑफ गवर्नर्स में भारतीय मूल के स्वदेश
भारतीय मूल के अमेरिकी और पद्म भूषण से सम्मानित स्वदेश चटर्जी को प्रतिष्ठित उत्तरी कैरोलिना विश्वविद्यालय के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स में नियुक्त किया गया है। उत्तरी कैरोलिना सभा ने इस सप्ताह उन्हें इस पद पर नियुक्त किया। पिछले कई दशकों से चटर्जी ने पोखरण-द्वितीय के बाद प्रतिबंधों को हटाने सहित भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।