प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस माह के अंत में ह्यूस्टन में 50 हजार से अधिक भारतीय अमेरिकी समुदाय को संबोधित करेंगे जो एक उल्लेखनीय और यादगार कार्यक्रम रहेगा। भारत के राजदूत हर्ष श्रृंगला ने अपने एक साक्षात्कार में यह बात कही।
उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि ह्यूस्टन इस प्रकार के सभी कार्यक्रमों में से बड़ा और अधिक यादगार रहेगा। उनका इशारा मोदी द्वारा 2014 में न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में और 2016 में सिलिकॉन वैली के सान जोस में भारतीय अमेरिकी समुदाय को संबोधित करने वाले कार्यक्रमों की ओर था।
यहां प्रधानमंत्री ने 20 हजार से अधिक लोगों को संबोधित किया था। भारतीय राजदूत 22 सितंबर को एनआरजी स्टेडियम में होने वाले इस विशाल कार्यक्रम की तैयारियों में व्यक्तिगत तौर पर शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक कार्यक्रम होगा।
देश में मोदी के तीसरे बड़े कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए 50 हजार से अधिक भारतीय अमेरिकियों ने पंजीकरण कराया है। लेकिन इनमें से अधिकतर लोग ह्यूस्टन, डलास और इसके आसपास के लोग हैं। श्रृंगला ने कहा कि मेरा मानना है कि यह ह्यूस्टन शहर के सबसे बड़े स्टेडियम में बहुत बड़ा कार्यक्रम होगा।