अमेरिका में भारत के राजदूत हर्षवर्धन शृंगला विदेश सचिव के तौर पर नई जिम्मेदारी संभालने के लिए रविवार को वाशिंगटन से रवाना हो गए। उन्होंने अपने संक्षिप्त कार्यकाल में भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिकों के दिलों में अमिट छाप छोड़ी है और वे उन्हें जनता का राजदूत के रूप में याद करते हैं।
भारत रवाना होने से पहल 57 वर्षीय शृंगला ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की। शृंगला इस महीने के अंत में भारत के 33वें विदेश सचिव की जिम्मेदारी संभालेंगे। शृंगला 1984 बैच के विदेश सेवा के अधिकारी हैं। उन्होंने करीब एक साल तक अमेरिका में भारतीय राजदूत की सफलतापूर्वक जिम्मेदारी निभाई।
उनके कार्यकाल को याद करते हुए भारतीय मूल के अमेरिकी अटॉर्नी रवि बत्रा कहते हैं, ‘शृंगला अमेरिका पहुंचते ही भारत के सर थॉमस मोर हो गए, जो हरदिल अजीज रहे और एक साल के कार्यकाल में कई मुद्दों का सामना अपनी ईमानदारी और मेहनत से किया।’