अमेरिका में भारत के राजदूत और शीर्ष राजनयिक तरणजीत सिंह संधू ने कहा है कि अमेरिकी पश्चिमी तट का दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय रिश्तों में विशेष स्थान है। उन्होंने क्षेत्र में भारतीय अमेरिकी समुदाय से आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को हासिल करने में अहम भूमिका निभाने की अपील भी की।
संधू ने पश्चिमी तट में भारतवंशी समुदाय के लोगों के साथ पहले डिजिटल संवाद के दौरान कहा कि भारतीय-अमेरिकी समुदाय की उद्यमिता वाली भावना और उच्च व अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी में उत्कृष्टता के कारण पूरी दुनिया में प्रतिस्पर्द्धा बढ़ा रहा है। इसीलिए पश्चिमी तट का अमेरिका के साथ हमाली साझेदारी में अहम स्थान है, जहां भारतवंशी समुदाय ने अपनी अलग पहचान बनाते हुए इस क्षेत्र के आर्थिक विकास में बड़ा योगदान दिया है।
उन्होंने कहा कि अमेरिका अपनी अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी के साथ मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसे कार्यक्रमों में अहम साझेदार बन सकता है।
संधू की पेनसिल्वेनिया गवर्नर से निवेश पर अहम वार्ता
अमेरिका में भारतीय राजदूत तरणजीत सिंह संधू ने पेनसिल्वेनिया राज्य के गवर्नर टॉम वुल्फ से मुलाकात करके भारत के साथ रिश्ते बढ़ाने के मकसद से एक साथ काम करने पर सहमति जताई। दोनों ने शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग पर चर्चा की। संधू ने वुल्फ के साथ दोनों क्षेत्र में नए आयामों को साझा करते हुए कहा कि आईटी, दूरसंचार, जीव विज्ञान और विनिर्माण क्षेत्रों में व्यापक संभावनाओं पर प्रकाश डाला। पेनसिल्वेनिया में भारतीय प्रवासियों की तादाद दो लाख से भी ज्यादा है जो यहां की अर्थव्यवस्था की नींव हैं। संधू यहां के 10,000 भारतीय छात्रों को देखते हुए शिक्षा पर निवेश को लेकर भी बात की।