जयंत चौधरी समेत कई भारतीयों को अवॉर्ड
- फोटो : एएनआई / इंस्टा@nisau_uk
कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी को 2026 के प्रतिष्ठित ‘इंडिया-यूके अचीवर्स अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार उन भारतीयों को दिया जाता है, जिन्होंने ब्रिटेन के संस्थानों में पढ़ाई की है और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
इंडिया-यूके अचीवर्स अवॉर्ड समारोह में सम्मानित अन्य हस्तियों में शेफ और लेखक करण गोकानी, नीति विशेषज्ञ राजेश तलवार, स्वास्थ्य क्षेत्र के उद्यमी डॉ. शुचिन बजाज, सलाहकार नीति पॉल, रोबोटिक सर्जन डॉ. अरुण प्रसाद और लेखक व सामाजिक कार्यकर्ता आदित्य तिवारी शामिल हैं।
जयंत चौधरी ने लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (एलएसई) से पढ़ाई की है। उन्हें सात ‘आउटस्टैंडिंग अचीवर्स’ में शामिल किया गया, जिनके नाम की घोषणा लंदन में नेशनल इंडियन स्टूडेंट्स एंड एलुमनाई यूनियन (निसाउ) के वार्षिक सम्मेलन में की गई।
यह कार्यक्रम ब्रिटिश सरकार और शिक्षा क्षेत्र के साझेदारों के सहयोग से आयोजित हुआ। ब्रिटेन की विश्वविद्यालय मंत्री बैरोनेस जैकी स्मिथ ने कहा कि भारत के छात्र ब्रिटेन के शिक्षा क्षेत्र, अर्थव्यवस्था और समाज में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं और दोनों देशों के बीच मजबूत सेतु का काम करते हैं। निसाउ की अध्यक्ष सनम अरोड़ा ने कहा कि यह कार्यक्रम ब्रिटेन में पढ़े भारतीयों के वैश्विक योगदान को पहचान देने के लिए शुरू किया गया था।