भारत ने जम्मू-कश्मीर के बच्चों को लेकर झूठ फैलाने की कोशिश पर पाकिस्तान को कड़ी फटकार लगाई है। भारत ने कहा है कि पाकिस्तान में छोटे बच्चों को चरमपंथी विचारधारा वाले स्कूलों में भेजकर उन्हें आतंकी समूहों में भर्ती कर उनके भविष्य को बर्बाद किया जा रहा है।
संयुक्त राष्ट्र में ‘बच्चों के अधिकारों के संवर्धन और संरक्षण’ विषय पर महासभा की तीसरी समिति के सत्र में बोलते हुए, यूएन में भारत के स्थायी मिशन की प्रथम सचिव पालोमी त्रिपाठी ने पाक का नाम लिए बिना कहा कि एक प्रतिनिधिमंडल ने फिर झूठे राजनीतिक प्रचार से समिति की ध्यान भटकाने की कोशिश की है। त्रिपाठी ने बुधवार को पाक की निवर्तमान यूएन राजदूत मलीहा लोधी द्वारा समिति में की गई टिप्पणी का जवाब दिया।
त्रिपाठी ने कहा, ‘यह एक ऐसा देश है, जहां छोटे बच्चों को हिंसक चरमपंथी विचारधाराओं वाले स्कूलों में शिक्षा मिलती है और उन्हें आतंकी समूहों में भर्ती कराया जाता है, जिससे न केवल उनके बच्चों का भविष्य खराब हो रहा है, बल्कि इससे सीमा के आस-पास के बच्चों का भविष्य भी खतरे में है। अगर यह मासूम बच्चों के अधिकारों और स्वतंत्रता का उल्लंघन नहीं है, तो क्या है?’