भारत ने मालदीव को कोविड-19 के कारण अर्थव्यवस्था पर पड़े प्रभाव से निपटने के लिए 25 करोड़ डॉलर की वित्तीय सहायता दी है। मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सालेह ने कोरोना के कारण पैदा हुए आर्थिक संकट से निपटने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मदद के लिए आग्रह किया था, जिसके बाद यह फैसला लिया गया। भारतीय दूतावास ने कहा कि रविवार को मालदीव के विदेश मंत्रालय में आयोजित कार्यक्रम में वित्तीय सहायता अनुदान सौंपा गया।
इस मौके पर मालदीव में भारतीय उच्चायुक्त संजय सुधीर, मालदीव के विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद, माले में एसबीआई के सीईओ भरत मिश्रा मौजूद थे। मालदीव के राजस्व का एक तिहाई हिस्सा पर्यटन से आता है। इसलिए कोरोना के कारण वहां की अर्थव्यवस्था पर बहुत बुरा असर पड़ा है। भारत की तरफ से यह मदद अनुकूल शर्तों पर की गई है। भारत इससे पहले मालदीव को जरूरी दवाइयां भी मुहैया करा चुका है।