इस्राइल सेना और हिजबुल्लाह के बीच बढ़ते संघर्ष के बीच पिछले 72 घंटों में 30 हजार से ज्यादा लोग लेबनान से पलायन कर चुके हैं। यूएन शरणार्थी एजेंसी ने शुक्रवार को कहा कि युद्ध के चलते लेबनान में करीब 700 लोगों की मौत हो चुकी है। लोग लेबनान से जान बचाकर सीरिया में शरण ले रहे हैं। सीरिया में यूएनएचसीआर के प्रतिनिधि गोंजालो वर्गास लोसा ने कहा कि पलायन करने वालों में 80% लोग सीरियाई मूल के हैं और लगभग 20% लेबनानी हैं। उन्होंने कहा कि इनमें से आधे किशोर, बच्चे और महिलाएं हैं। लोसा ने कहा कि भले ही लोग लेबनान से पलायन करके सीरिया जा रहे हैं, लेकिन सीरिया भी बहुत सुरक्षित विकल्प नहीं है। इस बीच इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शुक्रवार को कहा कि वह आने वाले दिनों में लेबनान के लिए युद्ध विराम प्रस्तावों पर चर्चा कर सकते हैं।
सिंगापुर में प्रवासी श्रमिकों विशेषकर दक्षिण एशियाई देशों के लोगों ने मुफ्त में सोशल क्रिकेट खेला और एक ही स्थान पर टूर्नामेंट के लिए गिनीज बुक फॉर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। जीडब्ल्यूआर ने सिंगापुर सोशल क्रिकेट लीग (एससीएल) को 13 जुलाई से 15 सितंबर तक एक ही स्थान पर खेले जाने वाले सबसे बड़े क्रिकेट टूर्नामेंट के रूप में मान्यता दी थी। इसमें 102 टीमें, 286 मैच और 2,220 खिलाड़ी शामिल थे। एससीएल आयोजन समिति के अध्यक्ष शाजी फिलिप्स ने कहा कि टूर्नामेंट का उद्देश्य नस्लीय सद्भाव, नए प्रवासियों के एकीकरण और विभिन्न नस्लीय समूहों के संबंध को बढ़ावा देना है। फिलिप्स ने कहा, हम सेंगकांग (शहरी आवासीय संपत्ति) में रहने वाले बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों के हितों की पूर्ति करना चाहते हैं। साथ ही स्थानीय समुदाय में एक नया खेल शुरू करना और पड़ोस के प्राथमिक विद्यालयों में क्रिकेट को लोकप्रिय बनाना चाहते हैं।
पासवर्ड सुरक्षा चूक के चलते मेटा पर लगा 838 करोड़ का जुर्माना
सोशल मीडिया की दिग्गज कंपनी मेटा इंक पर पासवर्ड सुरक्षा चूक के चलते यूरोपीय संघ गोपनीयता नियामक ने 10.6 करोड़ डॉलर (करीब 838 करोड़ रुपये) से अधिक का जुर्माना लगाया है। आयरलैंड के डाटा प्रोटेक्शन कमीशन ने कहा कि उसने 2019 में जांच शुरू की थी, जब मेटा ने उसे सूचित किया कि कुछ पासवर्ड अनजाने में अनएन्क्रिप्टेड (जिसे खोला न जा सके) रूप में संग्रहित हो गए थे। बता दें कि अनएन्क्रिप्टेड वाले डाटा को हैकर्स आसानी से खोज सकते हैं। डिप्टी कमिश्नर ग्राहम डॉयल ने कहा कि मेटा की ओर से घोर लापरवाही हुई है। यह माना जाता है कि उपयोगकर्ता के पासवर्ड सुरक्षित होते होंगे, लेकिन फेसबुक उपयोगकर्ताओं के पासवर्ड में चूक होना गंभीर मामला है। बता दें कि इससे पहले भी मेटा इंक पर भारी-भरकम जुर्माना लग चुका है।
ट्रंप की जेलेंस्की से हुई मुलाकात बोले-जीता तो खत्म कर दूंगा जंग
रिपब्लिकन पार्टी से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की की शुक्रवार को न्यूयॉर्क के ट्रंप टॉवर में मुलाकात हुई। इस दौरान यूक्रेनी नेता ने पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ रिश्तों को सुधारने की उम्मीद जताई।वहीं, ट्रंप ने कहा कि यदि वे फिर से चुने जाते हैं, तो वे रूस-यूक्रेन युद्ध को एक ऐसे समझौते के साथ खत्म करने के लिए काम करेंगे, जो दोनों पक्षों के लिए अच्छा होगा। पांच साल बाद ट्रंप से निजी तौर पर मिल रहे यूक्रेनी नेता को डर है कि नवंबर में ट्रंप के जीतने पर अमेरिकी सैन्य मदद में रुकावट पैदा हो सकती है। यूक्रेन में युद्ध को रोकने पर जेलेंस्की ने कहा, मुझे लगता है कि हमारे विचार समान हैं और पुतिन जीत नहीं सकते। यूक्रेन को जीतना होगा। वहीं, ट्रंप ने बैठक से पहले जेलेंस्की के बगल में खड़े होकर कहा, हमारे बीच बहुत अच्छे रिश्ते हैं, और जैसा कि आप जानते हैं, राष्ट्रपति पुतिन के साथ मेरे भी बहुत अच्छे ताल्लुकात हैं। जैसा कि आपको पता है कि किसी भी काम के होने में दोनों पक्षों की सहभागिता जरूरी होती है।
जेलेंस्की को सेल्समैन का तमगा दे चुके हैं ट्रंप
बतातें चलें कि दोनों की यह मुलाकात हैरिस के यूक्रेनी नेता से मिलने के बाद हुई। इन चुनावों में ट्रंप और हैरिस रूस-यूक्रेन युद्ध के समर्थन पर अलग-अलग रवैया अपना रहे हैं। ट्रंप ने जेलेंस्की का मजाक उड़ाते हुए उन्हें यूक्रेन के लिए अमेरिकी मदद मांगने वाला सेल्समैन तक कह दिया था।