पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान ने देश की शहबाज शरीफ सरकार को चेतावनी दी है। खान ने कहा कि वह उनकी पार्टी पीटीआई के कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित करने से बाज आए वरना वे इस्लामाबाद के लिए बड़ा मार्च निकालेंगे।
पाकिस्तान के सर्वाधिक आबादी वाले पंजाब प्रांत के गुजरात में एक सभा में इमरान खान ने कहा कि उनकी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी के कार्यकर्ताओं को बेवजह निशाना बनाया जा रहा है। यह सिलसिला अप्रैल में उन्हें अविश्वास प्रस्ताव के जरिए प्रधानमंत्री पद से हटाने के बाद से चालू है।
द एक्सप्रेस ट्रिब्यून अखबार ने शनिवार को इमरान खान के हवाले से यह रिपोर्ट दी है। इसमें इमरान ने चेतावनी दी है कि यदि मौजूदा सरकार ने पीटीआई समर्थकों को निशाना बनाना बंद नहीं किया तो इस्लामाबाद में आजादी मार्च निकाला जाएगा।
इमरान ने कहा, 'मैं आज पीएमएल-एन के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार को चेतावनी दे रहा हूं, अगर आप राजनीतिक उत्पीड़न करते रहे तो हमारा न्याय आंदोलन इस्लामाबाद कूच करेगा और आपके पास बचने के लिए कुछ नहीं होगा।
खान ने हाल ही में अपने करीबी सहयोगी शहबाज गिल सहित पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं को देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किए जाने के बाद यह चेतावनी दी। 69 साल के पीटीआई अध्यक्ष इमरान खान ने गिल पर कथित रूप से बल प्रयोग करने के लिए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि गिल को निर्वस्त्र कर प्रताड़ित किया गया।
खान ने कहा कि सरकार ने पत्रकार जमील फारूकी को भी प्रताड़ित किया। उन्हें अपमानित किया गया। हलीम आदिल के खिलाफ भी कई मामले हैं। उसे जेल में भी प्रताड़ित किया जा रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री ने शुक्रवार को दिए भाषण में युवाओं से कहा कि उन्हें एक साथ मिलकर देश के न्यायिक तंत्र को बेहतर बनाने के लिए काम करना चाहिए।
उन्होंने युवाओं से कहा कि आप सभी को उसके लिए मेरे साथ आना होगा। 26 साल पहले जब मैंने अपनी यात्रा शुरू की थी, तो हमने कहा था कि न्यायपालिका स्वतंत्र होनी चाहिए ताकि यह लोगों के अधिकारों की रक्षा करे। मैं अकेला नेता था, जिसे इस दौरान सलाखों में डाला गया था। हमने न्यायपालिका के लिए 2008 के चुनावों का बहिष्कार किया।
राष्ट्रपति अल्वी ने की बाढ़ पीड़ितों की मदद की अपील
इस बीच, राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने शुक्रवार को राजनीतिक दलों से विनाशकारी बाढ़ के कारण अपनी राजनीतिक गतिविधियों को रोकने की अपील करते हुए कहा कि राष्ट्रीय संस्थानों के भीतर विभाजन पैदा करने वाली बातें राष्ट्र हित में नहीं हैं। 'डॉन' अखबार की खबर के मुताबिक, राष्ट्रपति ने सभी पक्षकारों से देश को एकजुट करने के लिए राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू करने का भी आग्रह किया।
इमरान खान ने पार्टी कार्यकर्ताओं को हकीकी आजादी मार्च के लिए कमर कसने को कहा
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने सोमवार को अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं से इस सप्ताह के अंत में एक और बड़े विरोध प्रदर्शन की तैयारी में जुटने के लिए कहा है। उन्होंने नेशनल असेंबली को भंग करने और देश में नए सिरे से चुनाव की घोषणा की मांग को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं को यह निर्देश दिया है।
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के अध्यक्ष खान ने अपने बानी गाला स्थित आवास पर हुई एक बैठक के दौरान हकीकी आजादी मार्च (वास्तविक स्वतंत्रता मार्च) का आह्वान किया। एक्सप्रेस ट्रिब्यून अखबार के मुताबिक, पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि पैगंबर मुहम्मद की जयंती नौ अक्तूबर के बाद इमरान खान किसी भी समय लॉन्ग मार्च की घोषणा कर देंगे।
अखबार ने खान के हवाले से कहा कि इस बार स्वतंत्रता मार्च पूरी तैयारी के साथ निकाला जाएगा। यह खान की दूसरी बड़ी रैली होगी, उनकी पहली रैली को 'आजादी रैली' के रूप में जाना जाता है। जो उन्होंने 25 मई को निकाली थी। उस रैली को उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं के संघीय राजधानी में पहुंचने के बाद अंतिम समय में अचानक वापस ले लिया गया था।