आमिर लियाकत हुसैन ने वीडियो मैसेज में कहा कि, एक बार इमरान खान ने मुझसे कहा था कि, मैं बाजवा को हटाने वाला हूं। मैं इसकी गवाही दूंगा, कि तुमने फौज में बगावत कराने की कोशिश की थी।
पाकिस्तान में सियासी संकट के बीच प्रधानमंत्री इमरान खान पर एक और आरोप लगा है। उनकी ही पार्टी के सदस्य रहे आमिर लियाकत हुसैन ने आरोप लगाया है कि, इमरान खान पाकिस्तानी सेना में बगावत कराने की साजिश रच रहे थे। इसके लिए उन्होंने एक कोर कमांडर को तैयार भी किया था। इमरान खान का मकसद जनरल बाजवा को पद से हटाने का था।
विज्ञापन
दरअसल, आमिर लियाकत हुसैन पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के नेता और संसद के सदस्य थे। लेकिन नेशनल असेंबली भंग होने के बाद उन्होंने इमरान खान से बगावत कर दी। उन्होंने एक वीडियो मैसेज में इमरान खान पर कई आरोप लगाए हैं, साथ ही कहा है कि उनको बहुत कुछ पता है, अगर सब बता दिया तो कयामत आ जाएगी।
मैं गद्दार नहीं था, लेकिन अब खिलाफ हूं
आमिर लियाकत हुसैन ने वीडियो मैसेज में कहा कि, तुम हमें गद्दार कहते हो, मैनें गद्दारी नहीं की थी। लेकिन अब मैं तुम्हारे खिलाफ वोट दूंगा। एक बार तुमने मुझसे कहा था कि, मैं बाजवा को हटाने वाला हूं। मैं इसकी गवाही दूंगा, कि तुमने फौज में बगावत कराने की कोशिश की थी। जो खत तुम दिखा रहे थे, वो जाली है। लियाकत हुसैन ने कहा कि, इमरान खान ने वो खत लिखवाया था। दरअसल, इमरान खान ने मीडिया के सामने एक खत लहराते हुए कहा था कि, उन्हें हटाने के लिए विदेशी साजिश रची जा रही है।
विज्ञापन
सुप्रीम कोर्ट में आज फिर होगी सुनवाई
इमरान खान के खिलाफ बिना मतदान अविश्वास प्रस्ताव खारिज किए जाने और संसद भंग मामले में आज फिर से सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी है। दरअसल, विपक्ष इस नेशनल असेंबली के डिप्टी स्पीकर के इस कदम को असंवैधानिक बता रहा है। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, कोर्ट आज इस मामले में अपना फैसला भी सुना सकता है। कोर्ट ने कहा है कि, इस मामले में वह एक तार्किक फैसला सुनाएगा।