हाल ही में इमरान खान ने यह कह कर बवाल मचा दिया था कि दोनों देश परमाणु शक्ति से संपन्न हैं ऐसे में सभी फैसले सोच-समझ कर किए जाने चाहिए। वहीं, अब इमरान खान ने ही सुर बदलते हुए कहा है कि भारत से तनाव के बीच पाकिस्तान परमाणु हथियारों का पहले इस्तेमाल नहीं करेगा।
कश्मीर को लेकर दोनों पड़ोसी देशों में तनाव के बीच पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान ने सोमवार को कहा कि उनका देश कभी भी भारत के साथ युद्ध शुरू नहीं करेगा। उन्होंने कहा, 'मैं भारत को बताना चाहता हूं कि युद्ध किसी समस्या का हल नहीं है। युद्ध में जीतने वाले को भी बहुत कुछ गंवाना पड़ता है। युद्ध कई अन्य मुद्दों को जन्म देता है।'
खान ने यहां गवर्नर हाउस में जुटे सिख समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए कहा, 'हम कभी भी युद्ध शुरू नहीं करेंगे। पाकिस्तान और भारत दोनों परमाणु शक्तियां हैं और अगर तनाव बढ़ा तो दुनिया खतरे का सामना करेगी।' खान ने कहा कि युद्ध किसी समस्या का समाधान नहीं है।
इमरान सरकार में वरिष्ठ मंत्री शेख रशीद ने कहा कि पाकिस्तान के पास 150 से 250 ग्राम वजनी छोटे परमाणु बम भी हैं, जिनका इस्तेमाल भारत के खिलाफ किया जा सकता है। ये बम भारत में किसी भी लक्षित को मार सकता है और नष्ट कर सकता है। उन्होंने कहा कि भारत की मोदी सरकार को किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहना चाहिए।
पाकिस्तान स्थित आतंकवादियों द्वारा जनवरी 2016 में पठानकोट स्थित वायुसैनिक अड्डे पर किए गए हमले के बाद भारत की पाकिस्तान से बातचीत नहीं हो रही है और उसका कहना है कि बातचीत और आतंकवाद साथ-साथ नहीं चल सकते।