Pakistan: राजधानी इस्लामाबाद को छोड़कर देशभर में प्रदर्शन कर रहे सैकड़ों पीटीआई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। ये प्रदर्शनकारी पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की रिहाई और बढ़े हुए बिजली के बिलों में कटौती की मांग कर रहे थे।
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पीटीआई पार्टी के नेताओं और समर्थकों ने शुक्रवार राजधानी इस्लामाबाद को छोड़कर देशभर में प्रदर्शन किए। प्रदर्शनकारियों ने बिजली के बढ़े हुए बिलों का विरोध किया और खान की रिहाई की मांग की। इस दौरान सैकड़ों कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया ।
विज्ञापन
शहबाज शरीफ के नेतृत्व वाली संघीय सरकार ने पीटीआई के विरोध प्रदर्शनों पर प्रतिबंध लगाया। जिसके बाद इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी ने इस्लामाबाद उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। पार्टी ने अदालत से प्रशासन को विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति देने का निर्देश देने का आग्रह किया। अदालत ने दलीलों के सुनने के बाद अपना फैसला सुरक्षित रखा।
विरोध प्रदर्शनों पर प्रतिबंधों के चलते मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय राजधानी में अपना विरोध प्रदर्शन न कर सकी। हालांकि, उसके सहयोगी जमात-ए-इस्लामी ने प्रतिबंध को धता बताते हुए अपनी विरोध रैली निकाली और दावा किया कि पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। लाहौर में कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने दोनों पार्टियों के 150 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया।
विज्ञापन
पीटीआई के संस्थापक खान पिछले साल अगस्त से रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद हैं। पीटीआई ने इमरान खान और पार्टी अन्य नेताओं व कार्यकर्ताओं की रिहाई के लिए इस्लामाबाद में देशव्यापी विरोध प्रदर्शन की घोषणा की थी और कहा था कि वह इस्लामाबाद में नेशनल प्रेस क्लब के सामने रैली करेगी। जबकि जमात-ए-इस्लामी ने बिजली बढ़ी कीमत और अन्य वस्तुओं की बढ़ी हुई कीमतों के खिलाफ संसद भवन के सामने एफ-चौक पर धरना देने की योजना बनाई थी।
लेकिन पुलिस ने धारा 144 लागू कर दी और इस्लामाबाद में विरोध प्रदर्शन सहित सभी प्रकार की सभाओं पर प्रतिबंध लगा दिया। इसके अलावा रेड जोन को सील कर दिया गया। इस जोन में प्रमुख सरकारी कार्यालय और दूतावास हैं।
इस्लामाबाद प्रशासन ने चेतावनी देते हुए कहा था कि राष्ट्रीय राजधानी में किसी भी तरह के प्रदर्शन या रैली की अनुमति नहीं दी जाएगी। किसी को भी धारा 144 का उल्लंघन करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बाद में पीटीआई के इस्लामाबाद इकाई के अध्यक्ष आमिर मुगल ने एक वीडियो संदेश जारी किया और घोषणा की कि पार्टी ने इस्लामाबाद में अपना विरोध प्रदर्शन वापस ले लिया है और इसे सोमवार के लिए निर्धारित किया है।