पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान से बुधवार को उनके दो वकीलों ने अदियाला जेल में मुलाकात की। यह बैठक इस्लामाबाद हाईकोर्ट के निर्देश के बाद हुई, जिसमें 190 मिलियन पाउंड के भ्रष्टाचार मामले की अपीलों पर बहस से पहले वकीलों ने अपने मुवक्किल से मिलने की मांग की थी। मुलाकात से कुछ घंटे पहले इमरान खान की आंख का इलाज भी किया गया और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पिछले कुछ महीनों से उनकी परिवार और पार्टी नेताओं से मुलाकात पर भी प्रतिबंध रहे हैं।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान से बुधवार को उनके वकीलों ने अदियाला जेल में मुलाकात की। इस दौरान उनके खिलाफ चल रहे मुकदमों और अदालतों में लंबित मामलों पर चर्चा हुई। यह मुलाकात इस्लामाबाद हाईकोर्ट (आईएचसी) के उस निर्देश के एक दिन बाद हुई, जिसमें अदालत ने अधिकारियों को इमरान खान की उनके कानूनी दल से मुलाकात कराने की व्यवस्था करने को कहा था। इमरान खान 2023 से जेल में बंद हैं। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार और हिंसा भड़काने से जुड़े आरोपों समेत 100 से ज्यादा मामले चल रहे हैं।
विज्ञापन
वकीलों ने अदालत में क्या दलील दी थी?
दरअसल, मंगलवार को इस्लामाबाद हाईकोर्ट में इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी की अल कादिर ट्रस्ट मामले में सजा के खिलाफ दायर अपीलों पर सुनवाई हुई। इस दौरान वकीलों ने अदालत से कहा कि 190 मिलियन पाउंड के भ्रष्टाचार मामले में चल रही अपीलों पर वे अपने मुवक्किलों से मिले बिना आगे दलीलें नहीं रख सकते। इसके बाद अदालत ने अधिकारियों को इमरान खान और उनकी कानूनी टीम के बीच मुलाकात सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। इसी आदेश के बाद बुधवार को बैरिस्टर सलमान सफदर और अधिवक्ता लतीफ खोसा अदियाला जेल पहुंचे।
जेल में कितनी देर चली मुलाकात?
पीटीआई के वकील अवैस यूनुस चौधरी ने पाकिस्तानी अखबार डॉन को बताया कि दोनों वकीलों ने अदालत के आदेश के मुताबिक इमरान खान से मुलाकात की। इसका मकसद उनके विचाराधीन मामलों पर चर्चा करना था। चौधरी के अनुसार, दोनों वकील करीब चार घंटे तक जेल में रहे और वहां से निकलने के बाद उन्होंने मीडिया से बात नहीं की। उन्होंने यह भी बताया कि दोनों वकीलों के मोबाइल फोन बंद हैं। इसलिए फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें इमरान खान से एक साथ मिलने दिया गया या अलग-अलग। यह भी पता नहीं चल पाया कि मुलाकात कितनी देर चली। इमरान खान की पत्नी बुशरा बीबी को 17 जनवरी 2025 को एक अलग मामले में गिरफ्तार किया गया था। इसी मामले में दोनों को सजा सुनाई गई थी।
आंखों के इलाज के लिए अस्पताल गए इमरान
वकीलों से मुलाकात से कुछ घंटे पहले इमरान खान को आंखों के इलाज के लिए इस्लामाबाद स्थित पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीआईएमएस) ले जाया गया था। उन्हें 10 और 11 नवंबर की दरमियानी रात अस्पताल में जांच और आंखों के आगे के इलाज के लिए पहुंचाया गया। इस साल जनवरी से उनकी दाहिनी आंख का इलाज चल रहा है। उन्होंने आंखों की रोशनी कम होने की शिकायत की थी। एक अधिकारी के मुताबिक, जांच में उनके सभी जरूरी स्वास्थ्य मानक सामान्य पाए गए और उनकी शारीरिक स्थिति स्थिर थी। डॉक्टरों की आंखों की टीम ने जरूरी चिकित्सकीय प्रक्रियाओं और निगरानी के बाद उनकी आंख में एंटी-वीईजीएफ इंजेक्शन लगाया। अधिकारी ने बताया कि इलाज से पहले, उसके दौरान और बाद में उनकी स्थिति स्थिर रही। इसके बाद रात करीब 2:30 बजे उन्हें आगे की देखभाल और जांच से जुड़े निर्देश देकर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
परिवार और पार्टी नेताओं से मुलाकात पर भी पाबंदियां
पाकिस्तान में पिछले कुछ महीनों से इमरान खान की अपने परिवार और पार्टी नेताओं से मुलाकात काफी हद तक सीमित रही है। अदालतों के कई निर्देशों के बावजूद इन मुलाकातों पर रोक जैसी स्थिति बनी हुई है। दो नवंबर को सलमान सफदर ने करीब सात महीने बाद इमरान खान से मुलाकात की थी। इससे पहले अप्रैल में उनकी मुलाकात हुई थी, तब सुप्रीम कोर्ट ने सफदर को एमिकस क्यूरी यानी अदालत के मित्र के रूप में नामित किया था। हालांकि, दो नवंबर को उन्होंने इमरान खान से उनके वकील के तौर पर मुलाकात की थी।