भारतीय-अमेरिकी राजनीतिक संगठन ‘इम्पैक्ट’ ने अमेरिकी चुनाव में हिस्सा लेने वाले समुदाय के सदस्यों की एक करोड़ डॉलर की मदद करने की घोषणा की है। ‘इम्पैक्ट’ की योजना उच्च पदों के लिए चुनाव लड़ रहे भारतवंशियों की पहचान करने, उन्हें बढ़ावा देने और मदद करने के लिए एक नया कार्यक्रम बनाने की है।
इस घोषणा का भारतीय मूल की सीनेटर कमला हैरिस ने स्वागत किया। कैलिफोर्निया की सीनेटर हैरिस ने कहा, ‘मैं भारतीय-अमेरिकी समुदाय की चुनाव की प्रक्रिया में बढ़ती भूमिका को देखकर बेहद खुश हूं। मेरी खुशी सिर्फ एक भारतवंशी के बतौर ही नहीं बल्कि एक ऐेसे शख्स के रूप में भी है जिसका मानना है कि हमारे देश में सभी जातीयों और पृष्ठभूमि के जितने अमेरिकी होंगे उतना ही हमारा लोकतंत्र मजबूत होगा।’
इम्पैक्ट ने एक बयान में कहा कि बीते आठ वर्षों में अमेरिकी कांग्रेस में भारतीय अमेरिकियों की संख्या पांच गुना बढ़ गई है। यह संगठन एक प्रमुख राजनीतिक संगठन है जो सरकारी कार्यालयों में भारततवंशियों की संख्या बढ़ाने के मकसद से प्रशिक्षण देने, धन जुटाने और प्रतिभाशाली लोगों को चुनने का काम करता है। उसने वकील नील मखीजा को संगठन का नया कार्यकारी निदेशक बनाने की घोषणा भी की।