अमेरिका के कैलिफोर्नियां में हुई सड़क दुर्घटना में 26 साल के भारतीय व्यक्ति की मौत हो गई है। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार व्यक्ति की पहचान सईद वसीम अली के तौर पर हुई है, जो तेलंगाना के हैदराबाद का रहने वाला था। वह अमेरिका में ड्राइवर था।
जानकारी के मुताबिक अली की गाड़ी की टक्कर कैलिफोर्निया के सैन फ्रांसिस्को में बायव्यू जिले के थर्ड स्ट्रीट और पॉल एवेन्यू चौराहे पर हुई है। शहर के मेडिकल एग्जामिनर ने अली और उनकी गाड़ी में बैठे यात्री हेनरीक्यूज (49) को मृत घोषित कर दिया। घटना रात के करीब सवा एक बजे की बताई जा रही है। अली कैलिफोर्नियो के फ्रेमोट में रहता था।
जिस गाड़ी से अली की गाड़ी की टक्कर हुई उसका ड्राइवर मौके से फरार हो गया। उसने अपना वाहन वहीं पर छोड़ दिया। पुलिस का कहना है कि वह अभी तक गिरफ्तार नहीं हो पाया है। संदिग्ध के बारे में कोई जानकारी भी नहीं दी गई है। सैन फ्रांसिस्को की ट्रांसपोर्टेशन नेटवर्क कंपनी ने इस घटना को लेकर एक बयान भी जारी किया है।
बयान में कहा गया है, "हम इस घटना और लोगों की मौत से दुखी हैं। हमारी संवेदनाएं कठिन समय में पीड़ितों के परिवारों और दोस्तों के साथ हैं। हमने यात्री के परिवार का पता लगा लिया है और ड्राइवर के परिवार से संपर्क करने के लिए काम कर रहे हैं।"
अली के परिवार की तरफ से किसी ने गोफंडपेज भी बनाया गया है। ताकि उसके शव और सामान को वापस हैदराबाद ले जाने के लिए पैसों का इंतजाम हो सके।