यमन के विद्रोही संगठन हूती के लड़ाकों राजधानी सना के पास स्थित शहर के एक घर को उड़ा दिया, जिसमें एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत हो गई। दरअसल, एक दिन पहले घर के मालिक इब्राहिम अल-जालेई द्वारा किए गए हमले में दो हूती लड़ाकों की मौत हो गई थी। घटना के बारे में पड़ोस के लोगों ने बताया कि हमले में माता-पिता के साथ-साथ उनके सात बच्चों की मौत हो गई। वहीं, कई लोग घर के मलबे में भी दबे हुए हैं, जिन्हें बचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पाकिस्तान में भूकंप के झटके
पाकिस्तान में बुधवार तड़के 2.57 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने बताया कि भूकंप की तीव्रता 5.5 आंकी गई है।
सीमावर्ती क्षेत्र से 9 हजार बच्चों को सुरक्षित निकालेगा रूस
रूस ने सीमावर्ती क्षेत्र से लगभग 9,000 बच्चों को सुरक्षित निकालने की योजना बनाई है। मंगलवार को एक रूसी अधिकारी ने कहा कि यूक्रेन की ओर से लगातार गोलाबारी की जा रही है। रूस के बेलगोरोड सीमा क्षेत्र के गवर्नर व्याचेस्लेव ग्लैडकोव ने कहा, बच्चों को यूक्रेन सीमा से दूर पूर्व की ओर ले जाया जाएगा। यह घोषणा रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के उस बयान के एक दिन बाद आई है, जिसमें पुतिन ने कहा था कि रूस की सीमावर्ती क्षेत्रों को यूक्रेनी हमलों से बचाने के लिए एक बफर जोन बनाने की जरूरत है।
नेपाल में फिर लिखे गए भारत विरोधी नारे
चीन सीमा तक सड़क बनने के बाद नेपाल के साथ भारत के रोटी-बेटी के रिश्ते में कड़वाहट कम होने का नाम नहीं ले रही है। नेपाल के बंगाबगड़ (भारतीय क्षेत्र घटधार) के सामने भारत विरोधी नारे लिखे गए हैं। नेपाल में नेकपा एमाले और नेकपा माओवादी केंद्र गठबंधन की सरकार बनने के बाद नेपाल में भारत का विरोध तेज हुआ है। कालापानी, लिपुलेख और लिंपियाधूरा को नेपाल ने अपना भू-भाग बताते हुए भारत पर अतिक्रमण करने का आरोप लगाया है। यहां भारतीय क्षेत्र घटधार के ठीक सामने कुछ घरों की दीवारों पर नो कालापानी जैसे नारे लिखे गए हैं।
पाकिस्तान से निष्कासित लोगों में सेना के दो अफसर भी शामिल
पाकिस्तान ने खुलासा किया कि अवैध अप्रवासियों के खिलाफ जारी अभियान के तहत देश से निष्कासित लोगों में सेना के दो अधिकारी स्तर के अफगानिस्तानी नागरिक भी शामिल हैं। यह खुलासा ऐसे समय किया गया है जब पाकिस्तान की वायु सेना ने सीमावर्ती क्षेत्रों में छिपे सशस्त्र समूहों पर रातभर हवाई कार्रवाई की जिसमें आठ महिलाओं और बच्चों की मौत हो गई है। इसको लेकर दोनों देशों के बीच तनाव नए सिरे से बढ़ गया है। दरअसल, पाकिस्तान ने गत 31 अक्तूबर से देश में अवैध रूप से बसे अफगानिस्तानियों को निर्वासित करने का अभियान शुरू किया है। रक्षा मंत्री ने कहा, इनमें से एक कैप्टन और एक लेफ्टिनेंट रैंक के अफसर भी थे।
भगत सिंह की बरसी पर सुरक्षा के निर्णय लें लाहौर पुलिस प्रमुख
पाकिस्तान की एक अदालत ने लाहौर के पुलिस प्रमुख को स्वतंत्रता सेनानियों भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की 93वीं पुण्यतिथि पर अगले हफ्ते होने वाले समारोह की पुख्ता सुरक्षा के अनुरोध पर फैसले का निर्देश दिया। भगत सिंह मेमोरियल फाउंडेशन पाकिस्तान के अध्यक्ष वकील इम्तियाज रशीद कुरैशी ने लाहौर हाईकोर्ट में याचिका दायर कर कहा था कि वह पंजाब सरकार को किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए शादमान चौक पर 23 मार्च केे कार्यक्रम के लिए पुख्ता सुरक्षा देने व ‘वॉक-थ्रू’ गेट लगाने का निर्देश दे। एजेंसी
भावी प्रौद्योगिकी को आकार देने में सहयोग करेंगे भारत-इस्राइल
इस्राइल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज (आईएआई) ने सहयोगी परियोजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और अनुसंधान परामर्श के माध्यम से शोध पहल को बढ़ावा देने के लिए आईआईटी, दिल्ली के साथ एक रणनीतिक साझेदारी पर हस्ताक्षर किए हैं। आईएआई के अविटल श्रिफ्ट ने कहा, यह सहयोग देश की आत्मनिर्भरता के लोकाचार के अनुरूप है।