ब्लॉक 1 में रहने वाले टोंग पिंगमोन ने बताया कि अग्निशमन दल के एक सदस्य ने उनका दरवाजा खटखटाकर उन्हें चेताया था, लेकिन उन्हें लगा कि पड़ोस की इमारत में आग लगी है, लेकिन उनकी इमारत सुरक्षित रहेगी। लेकिन जल्द ही हालात काबू से बाहर हो गए।
दुनिया के शीर्ष वित्तीय केंद्रों में से एक हांगकांग अपने इतिहास के सबसे बड़े अग्निकांड से जूझ रहा है। अब तक इस अग्निकांड में 55 लोगों की मौत हो चुकी है और 279 लोग लापता हैं। आग ने रिहायशी ब्लॉक की कई इमारतों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 68 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कई की हालत गंभीर है। लोगों ने अपने आशियानों को जलते देखा, जिसके चलते कई लोग बेघर होने से बदहवास हैं और अपने भविष्य को लेकर चिंताओं से घिरे हैं।
विज्ञापन
आशियाना खोने से बदहवास हुए लोग
एक स्थानीय महिला शर्ली चान ने कहा कि 'लोगों का अपने घरों को जलते देखना ह्रदयविदारक है। मैं लोगों का दर्द समझ सकती हूं। मेरे पास कहने के लिए शब्द नहीं हैं।' एक अन्य चश्मदीद 65 वर्षीय युएन ने कहा कि 'वे यहां बीते 40 वर्षों से रह रहे थे। उनके पड़ोस में अधिकतर बुजुर्ग लोग रहते थे, जो चल-फिर नहीं सकते थे। अब आग में उनका भी घर तबाह हो गया है और अब वे और उनकी पत्नी बेघर हो गए हैं।'
निर्माण कार्य के चलते लोगों को आग लगने का पता ही नहीं चला
युएन ने बताया कि 'निर्माण कार्य के चलते खिड़कियां बंद थीं, जिसके चलते कई लोगों को आग लगने का पता ही नहीं चला। जब पड़ोसियों ने उन्हें फोन कर इमारत में आग लगने की जानकारी दी, तब उन्हें पता चला।' ब्लॉक 1 में रहने वाले टोंग पिंगमोन ने बताया कि जब उन्हें जलने की गंध आई, तब उन्हें आग लगने का पता चला। अग्निशमन दल के एक सदस्य ने उनका दरवाजा खटखटाकर उन्हें चेताया था, लेकिन उन्हें लगा कि पड़ोस की इमारत में आग लगी है, लेकिन उनकी इमारत सुरक्षित रहेगी। इसके चलते वे घर पर ही रहे। जल्द ही हालात काबू से बाहर हो गए और उनकी इमारत भी आग की लपटों से घिर गई। किसी तरह अपने आपको को बचाकर रखा और आखिरकार अग्निशमन दल ने उन्हें बचाया।
इन वजहों से विकराल हुई आग
हांगकांग की रिहायशी इमारतों में आग बुधवार शाम करीब 2.50 बजे लगी। परिसर में आठ टावर हैं, जिनमें करीब 2000 अपार्टमेंट हैं। इमारतों में कुछ निर्माण कार्य चल रहा था और इमारत के चारों तरफ बांस का मचान बना था। इसके चलते आग तेजी से फैली। पुलिस की जांच में पता चला है कि रिहायशी इमारतों पर लगे सुरक्षा नेट्स, वाटरप्रूफ कैनवास और प्लास्टिक की चादर के चलते भी आग तेजी से भड़की और पूरे ब्लॉक में फैल गई। साथ ही खिड़कियों को सील करने के लिए पॉलीयूरेथेन फोम का इस्तेमाल किया गया, जो कि बेहद ज्वलनशील तत्व है, इसकी वजह से भी आग विकराल हुई। पुलिस ने अग्निकांड को लेकर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। जिनमें निर्माण कंपनी के निदेशक और सलाहकार भी शामिल हैं।