पाकिस्तान के कराची में लूट की वारदात के दौरान 28 वर्षीय हिंदू डॉक्टर आकाश चंद की गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि परिवार ने आरोपियों की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार न करने की बात कही है। पढ़िए रिपोर्ट-
पाकिस्तान के सिंध प्रांत में सोमवार को 28 वर्षीय हिंदू डॉक्टर की लूटपाट के दौरान हत्या कर दी गई। यह घटना कराची के पॉश क्लिफ्टन इलाके में हुई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
विज्ञापन
पुलिस ने क्या बताया?
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एसएसपी मेहरोज अली ने बताया कि आकाश चंद की मौत उस समय हुई, जब एक निजी बैंक के बाहर लुटेरों और बैंक के सुरक्षा गार्ड के बीच गोलीबारी हुई।
अली ने बताया कि चंद अपने पिता और चचेरे भाई के साथ दूसरे बैंक से 50 लाख पाकिस्तानी रुपये निकालकर लाए थे। उन्हें यह रकम दूसरे बैंक में जमा करनी थी। वे 25-25 लाख रुपये के दो पैकेट लेकर जा रहे थे।
अली ने बताया, जैसे ही उनकी कार बैंक के बाहर रुकी। उनके पीछे एक दूसरी कार आकर रुकी। उसमें सवार लोगों ने पैसे लूटने की कोशिश की। तभी बैंक के दरवाजे पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने गोली चला दी। लुटेरों ने भी जवाबी गोलीबारी की, जिसमें चंद की मौत हो गई। लुटेरे 25 लाख रुपये का एक पैकेट लेकर फरार हो गए।
अली ने बताया, हम इस मामले की जांच कर रहे हैं कि क्या यह अंदर के किसी व्यक्ति की मिलीभगत से किया गया था। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि चंद की मौत किसकी गोली से हुई। शुरुआत में सुरक्षा गार्ड को लगा था कि जिस कार से परिवार आया था, वह भी लुटेरों के साथ शामिल हो सकती है।
जिन्ना पोस्ट ग्रेजुएट अस्पताल में काम कर रहे थे आकाश
चंद पिछले दो साल से कराची के जिन्ना पोस्ट ग्रेजुएट अस्पताल में काम कर रहे थे। उनके चाचा खेम चंद ने कहा कि जब तक लुटेरे पकड़े नहीं जाते, परिवार उनका अंतिम संस्कार नहीं करेगा।
उन्होंने कहा, हमने उनका शव मुर्दाघर में रखा है। हम शव के साथ धरना शुरू करेंगे, जब तक उनकी मौत के जिम्मेदार लोगों को गिरफ्तार नहीं किया जाता। क्लिफ्टन इलाके में कई अमीर और शिक्षित हिंदू परिवार रहते हैं। यहां लोग सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होने के कारण आवासीय अपार्टमेंट और बड़े घरों में रहते हैं।