वॉशिंगटन हिल्टन होटल में चेक-इन के दौरान शख्स ने खुद का नाम कोल टॉमस एलन बताया था। जिसकी उम्र 31 साल है और कैलिफोर्निया के टोरेंस का रहने वाला है। उसने घटना वाले दिन ही हिल्टन होटल में चेक-इन किया था। हालांकि, इस घटना के बाद जब सुरक्षाकर्मियों ने उसे गिरफ्ता कर लिया, तब उसकी एक तस्वीर सामने आई, जिसमें वह लगभग अर्ध-नग्न दिख रहा है। ऐसा लगता है कि विस्फोटक उपकरण की जांच के लिए उसे कपड़े उतारे गए थे।
इस घटना के दौरान बॉल रूम में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के साथ-साथ ट्रंप प्रशासन के कई सदस्य भी मौजूद थे। वहां व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के लिए प्रेस के सदस्य भी जमा थे। जैसै ही गोली चलने की घटना अंदर पहुंची, वहां हंगामा मच गया, सुरक्षाकर्मी तुरंत राष्ट्रपति समेत अन्य को सुरक्षित स्थान पर ले गए। जबकि कई अन्य लोग टेबल के नीचे छिपकर खुद को बचाने का प्रयास करते दिखे। फिलहाल आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह जानने की कोशिश कर रही हैं कि इस हमले के पीछे उसका असली मकसद क्या था।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में हुई इस घटना पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने हमलावर को बीमार व्यक्ति बताया, राष्ट्रपति ने आगे कहा कि वह शैतान और पागल जैसा दिख रहा था। उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसे बीमार लोग, ठग और भयानक लोग हमारे जीवन को नहीं बदल सकते। राष्ट्रपति ने जोर देते हुए कहा कि वह ऐसे लोगों को हमारे जीवन की दिशा बदलने नहीं देंगे। ट्रंप ने आगे कहा कि, 'एक आदमी कई हथियारों के साथ सिक्योरिटी चेकप्वाइंट पर घुसा, हालांकि उसे सीक्रेट सर्विस के कुछ बहादुर सदस्यों ने पकड़ लिया, एक ऑफिसर को गोली लगी, लेकिन वह बच गया।' ट्रंप ने उस ऑफिसर से बातचीत भी की है।
ट्रंप ने इस दौरान सीक्रेट सर्विस और पुलिस की सराहना की और कहा कि उन्होंने शानदार काम किया। उन्होंने तुरंत और बहादुरी से कार्रवाई की, हमलावर को पकड़ लिया है। ट्रंप के अनुसार, पुलिस ने प्रोटोकॉल के अनुसार हमें परिसर खाली करने का अनुरोध किया, जिसे हम तुरंत करेंगे। प्रथम महिला, उपराष्ट्रपति और सभी कैबिनेट सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। मैंने कार्यक्रम के सभी प्रभारी प्रतिनिधियों से बात कर ली है और हम 30 दिनों के भीतर कार्यक्रम को पुनर्निर्धारित कर लेंगे।
वहीं, इस घटनाक्रम पर एफबीआई प्रमुख काश पटेल ने कहा कि 'हम इस व्यक्ति की पृष्ठभूमि की गहन जांच करेंगे। यह प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है... हम अपने देश की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी सबूतों का तुरंत विश्लेषण करेंगे।'