अफगानिस्तान में वायु सेना हमले में कई विद्रोहियों सहित 20 आम नागरिकों के मारे जाने की खबर है। हेलमंड राज्यपाल के कार्यालय ने कहा कि वायु सेना ने गारेम्सिर जिले में तालिबान को लक्षित करते हुए हमला किया। इस हमले में कई कई विद्रोहियों की मौत हो गई। हालांकि बम विस्फोट में कम से कम 20 नागरिक मारे गए और कई घायल हो गए।
इस से पहले पश्चिमी अफगानिस्तान में तालिबान ने पुलिस के एक काफिले पर सोमवार को घात लगाकर हमला किया, जिसमें 20 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। वहीं काबुल में रहने वाले अल्पसंख्यक शिया समुदाय के लोग स्थानीय मिलीशिया कमांडर की गिरफ्तारी के विरोध में पिछले दो दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रांतीय परिषद के एक सदस्य दादुल्लाह कानेह के मुताबिक, पश्चिमी फराह प्रांत में रविवार की दोपहर तालिबान का हमला हुआ। इसमें प्रांत के पुलिस उप प्रमुख समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। हमला लश वा जुवायन जिले के नजदीक हुआ। परिषद के अन्य सदस्य अब्दुल समद सलेही ने बताया कि पुलिस का काफिला जिले के नव नियुक्त पुलिस प्रमुख का परिचय कराने जा रहा था तभी यह हमला हुआ। कानेह ने बताया कि इस हमले में नव नियुक्त प्रमुख की भी मौत हो गई।